छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में सेंट्रल बैंक का MSME आउटरीच कार्यक्रम, 32 करोड़ के ऋण स्वीकृत

रायपुर (विश्व परिवार)। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा आज रायपुर में MSME आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में उद्यमियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य MSME क्षेत्र के उद्यमियों को बैंक के नए प्रोडक्ट्स और योजनाओं की जानकारी देना तथा उन्हें ऋण सुविधाओं से जोड़ना था।
कार्यक्रम में करीब 70 उद्यमियों ने सक्रिय भागीदारी की। इस दौरान बैंक अधिकारियों ने MSME से जुड़े विभिन्न प्रोडक्ट्स की जानकारी दी और उद्यमियों की समस्याओं व सुझावों पर चर्चा की। बैंक ने ग्राहकों से मिले फीडबैक के आधार पर अपनी प्रक्रियाओं और सेवाओं में सुधार का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमएसएमई विभाग के अधिकारी, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के प्रतिनिधि तथा उद्योग जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे। वहीं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मुंबई मुख्यालय से वरिष्ठ महाप्रबंधक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
यह आयोजन रायपुर अंचल प्रमुख राजेश भूतड़ा के नेतृत्व और क्षेत्रीय प्रमुख प्रफुल्ल बंसल के समन्वय में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रबंधकों की भी उपस्थिति रही।
बैंक की ओर से जानकारी दी गई कि इस MSME आउटरीच कार्यक्रम के दौरान लगभग 50 हितग्राहियों को करीब 32 करोड़ रुपये के MSME ऋण स्वीकृत किए गए। कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ महाप्रबंधक सुनीत राणा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts