कवर्धा

कबीरधाम में सड़क निर्माण की गुणवत्ता जांचने पहुंचे मुख्य अभियंता, दिसंबर-जनवरी तक लंबित कार्य पूरे करने के निर्देश

कवर्धा (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ शासन की मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कबीरधाम जिले में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य अभियंता रायपुर वरुण राजपूत ने जिले का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लालपुर से तारों, बनिया से कारेसरा तथा जैतपुरी गौरव पथ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता श्री राजपूत ने सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किए जाएं। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

निरीक्षण के पश्चात मुख्य अभियंता श्री राजपूत ने जिले के सभी संबंधित ठेकेदारों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में एसई पी. मोहन राव सोनी, ईई श्री पटेल सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे। बैठक में उन्होंने लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए तथा हैवी ट्रैफिक से सड़क क्षतिग्रस्त करने वालो पर कार्यवाही के निर्देश दिए ।

बैठक के दौरान सभी संबंधित ठेकेदारों ने मुख्य अभियंता को आश्वस्त किया कि वे निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए सभी लंबित कार्यों को दिसंबर माह के अंत अथवा जनवरी माह तक हर हाल में पूर्ण कर लेंगे। विभाग द्वारा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts