छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर के स्कूल में बच्चों को दी गई पॉक्सो एक्ट और साइबर अपराधों की जानकारी, ‘गुड टच-बैड टच’ के जरिए समझाया सुरक्षा का महत्व

रायपुर (विश्व परिवार)। बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षित रखने और उन्हें कानूनी रूप से जागरूक बनाने की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर द्वारा संचालित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत ब्रह्मविद द ग्लोबल स्कूल में पॉक्सो (POCSO) एक्ट, साइबर अपराध और यौन उत्पीड़न विषय पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो एक्ट) की जानकारी देना था।
शॉर्ट फिल्म से समझाया गया कानून
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियों को एक शॉर्ट फिल्म दिखाई गई। इसमें लैंगिक अपराधों की प्रकृति और पॉक्सो एक्ट, 2012 के तहत दोषियों को मिलने वाली सजा की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के प्रति भी जागरूक किया गया। इस दौरान “जागरूकता ही सुरक्षा है” का संदेश दिया गया।
न्यायिक अधिकारी ने बताए यौन अपराधों के प्रकार*
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी चंद्रप्रताप सिंह, एक्स एडीएल. प्रथम सिविल जज (जूनियर डिवीजन), रायपुर ने यौन शोषण, यौन उत्पीड़न और यौन हमले के बीच अंतर स्पष्ट किया। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत होने वाली कानूनी कार्यवाही की प्रक्रिया भी समझाई।
केवल छूना ही नहीं, ये भी अपराध
विधिक सहायता रक्षा परिषद, रायपुर के उप प्रमुख अधिवक्ता गजेन्द्र सोनकर ने विभिन्न मामलों के उदाहरण देते हुए बताया कि लैंगिक अपराध केवल किसी को अनुचित तरीके से छूने तक सीमित नहीं है। बच्चों को अश्लील संदेश भेजना, आपत्तिजनक वीडियो दिखाना या कागज पर अश्लील भाषा लिखकर देना भी इस अपराध की श्रेणी में आता है।
बाल संरक्षण और हेल्पलाइन की जानकारी
बाल संरक्षण इकाई, रायपुर के सामाजिक कार्यकर्ता गोरखनाथ पटेल ने बाल कल्याण समिति द्वारा अनाथ, दिव्यांग और आपदा पीड़ित बच्चों के संरक्षण एवं देखभाल की व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने नाबालिग बच्चों के लिए किशोर न्यायालय की व्यवस्था के बारे में भी बताया। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के उपयोग और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
साइबर ठगी से सावधान
पुरानी बस्ती थाना के एएसआई चंदूलाल सिन्हा ने साइबर क्राइम के अंतर्गत आइडेंटिटी थेफ्ट, डिजिटल अरेस्ट और फिशिंग जैसे बढ़ते अपराधों के बारे में बताया और इनसे बचाव के लिए उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने साइबर अपराध से जुड़ी जानकारी और शिकायत के लिए साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की अपील की।
विद्यार्थियों ने पूछे सवाल
सत्र के अंत में विद्यार्थियों ने पॉक्सो अधिनियम, यौन उत्पीड़न, साइबर क्राइम और मानव तस्करी से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनके सटीक उत्तर वक्ताओं ने दिए।
स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार
स्कूल के डायरेक्टर प्रत्युष पड़रहा ने सभी वक्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पुरानी बस्ती थाना के एसआई साकेत सिंह और ब्रह्मविद की हेड स्कूल एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. गरिमा अग्रवाल भी उपस्थित रहीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts