जशपुर (विश्व परिवार)। जशपुर पुलिस में पदस्थ दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह के पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को अनुकंपा नियुक्ति दी गई है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर लाल उमेद सिंह ने 23 सितंबर को दिवंगत आरक्षक के तेरहवीं कार्यक्रम के अवसर पर उनके गृह ग्राम पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद पर अनुकंपा नियुक्ति का नियुक्ति पत्र सौंपा।
आरक्षक देव नारायण सिंह की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें उपचार के लिए रायपुर के बालाजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 11 सितंबर 2026 को उनका निधन हो गया। वर्ष 2007 में जिला पुलिस बल जशपुर में आरक्षक के पद पर नियुक्त हुए देव नारायण सिंह ने अपने सेवाकाल में रक्षित केंद्र जशपुर, थाना सन्ना, सिटी कोतवाली जशपुर, एसडीओपी कार्यालय कुनकुरी और एसडीओपी कार्यालय जशपुर में सेवाएं दी थीं।
त्वरित पूरी की गई अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया
दिवंगत आरक्षक के निधन के बाद उनके परिवार की स्थिति और भविष्य को देखते हुए अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया। इसी क्रम में 23 सितंबर को तेरहवीं के दिन पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह स्वयं दिवंगत आरक्षक के परिवार से मिलने उनके गृह ग्राम पहुंचे।
उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आरक्षक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उनके पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद पर नियुक्ति का पत्र प्रदान किया।
पुलिस परिवार ने परिवार को दिया भरोसा
लाल उमेद सिंह ने दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह की सेवाओं को याद करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में सेवा देने वाला प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जशपुर पुलिस परिवार का अभिन्न अंग है। किसी कर्मचारी के असमय निधन से परिवार पर आने वाली कठिनाइयों को समझते हुए पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने शोकाकुल परिवार को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में जशपुर पुलिस परिवार उनके साथ है। भविष्य में परिवार को किसी भी प्रकार की आवश्यकता या समस्या होने पर यथासंभव सहयोग और सहायता प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, डीएसपी कुंज राम चौहान, डीएसपी आजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी शुभम कुमार तिवारी, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक जशपुर अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी लोदाम कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







