बिलासपुर (विश्व परिवार)। जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कड़ार सेवार में वर्षों से जर्जर पड़ी मुख्य सड़क को लेकर कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में जमा पानी को तालाब का रूप देते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से मछली पालन किया और जाल फेंककर प्रशासन व जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी हालत बेहद खराब बनी हुई है। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को काफी परेशानी और खतरे का सामना करना पड़ता है। कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। बावजूद इसके, सड़क की मरम्मत या निर्माण की दिशा में न तो संबंधित विभाग ने ध्यान दिया और न ही क्षेत्र के विधायक ने कोई ठोस पहल की।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि ग्रामीण कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार ज्ञापन सौंपने के साथ शिकायतें भी की गईं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी उपेक्षा के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह सांकेतिक प्रदर्शन कर शासन और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।







