गरियाबंदछत्तीसगढ़

पैरी घूम्मर डैम में खतरा: 20 फीट ऊंचाई से छलांग लगाते युवक, सुरक्षा इंतजाम नदारद

गरियाबंद (विश्व परिवार)। जिले के पैरी घूम्मर डैम में इन दिनों गर्मी के चलते सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग यहां नहाने और घूमने पहुंच रहे हैं। डैम का ठंडा पानी जहां लोगों को राहत दे रहा है, वहीं यहां बढ़ती लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
डैम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि युवक बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के जान जोखिम में डालकर करीब 20 फीट ऊंचाई से गहरे पानी में छलांग लगाते नजर आ रहे हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि मौके पर न तो चेतावनी बोर्ड लगे हैं और न ही किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था मौजूद है। पानी की गहराई और नीचे मौजूद पत्थरों का अंदाजा न होने के कारण यह स्टंट कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है।
विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
इस पूरे मामले में जल संसाधन विभाग की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। डैम की सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी इसी विभाग की है, लेकिन हर साल गर्मियों में भीड़ बढ़ने और स्टंटबाजी की घटनाएं सामने आने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार विभाग को मौखिक रूप से जानकारी दी गई, लेकिन अब तक न तो डैम खतरनाक स्थानों पर फेंसिंग की गई और न ही किसी कर्मचारी की तैनाती की गई। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
पहले भी हो चुके हैं हादसे, फिर भी नहीं चेता सिस्टम
गौरतलब है कि पिछले वर्षों में भी यहां डूबने से मौत की घटनाएं हो चुकी हैं। यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए जाते, तो शायद कई जिंदगियां बचाई जा सकती थीं। वर्तमान स्थिति को देखते हुए एक बार फिर बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने की स्टंट करने वालों पर सख्त की कार्रवाई
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि डैम पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। खतरनाक जगहों पर लोहे की जाली लगाई जाए, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और पुलिस या होमगार्ड की तैनाती की जाए। साथ ही स्टंट करने वालों पर सख्त कार्रवाई और जुर्माना लगाने की भी मांग की गई है।
बढ़ती गर्मी के साथ यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो विभाग की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts