रायपुर (विश्व परिवार)। खारून रिवर फ्रंट, महादेव घाट जीर्णोद्धार और मां खारून नदी के विकास कार्यों को लेकर मंगलवार को रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति और समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा 84.15 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित खारून रिवर फ्रंट निर्माण एवं विकास कार्य, नगर निगम रायपुर द्वारा 18.86 करोड़ रुपये की लागत से किए जाने वाले महादेव घाट जीर्णोद्धार कार्य तथा जल संसाधन विभाग द्वारा 10 करोड़ रुपये की लागत से मां खारून नदी में किए जाने वाले विकास कार्यों पर प्रस्तुतीकरण दिया गया।
इस दौरान महापौर मीनल चौबे, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, प्रभारी अधीक्षण अभियंता विनोद पांडे, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता इमरान खान, जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता राजीव नशीने सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राजेश मूणत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी भी प्रकार से कार्यों का दोहरीकरण न हो। उन्होंने कहा कि मां खारून रायपुर की जीवनदायिनी नदी है और महादेव घाट भगवान शिव की आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसलिए यहां विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य इस प्रकार किया जाए कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक दिव्य एवं सुखद अनुभव प्राप्त हो।
परियोजना के तहत नगर निगम द्वारा फसाड, एंट्री गेट, मंदिर स्वागत द्वार, बैरिकेडिंग, दुकानों की एकरूपता, विशाल शिवलिंग, भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा, बैठने की व्यवस्था, लैंडस्केपिंग और पेवर ब्लॉक सहित विभिन्न कार्य किए जाएंगे। वहीं लोक निर्माण विभाग द्वारा रिटेनिंग वॉल, स्लोपिंग स्टेप्स और विद्युत व्यवस्था से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।
बैठक में प्रस्तुत वास्तु डिज़ाइन और विकास योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श करते हुए परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने पर जोर दिया गया।







