भिलाई

विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ नागरिक शिकायतों का जल्द निराकरण हो – आयुक्त

भिलाईनगर (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह ने आज निगम सभागार में विभिन्न विकास कार्यों एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर समीक्षा बैठक ली। बैठक में ईंधन खपत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनदर्शन, प्रकाश व्यवस्था, राजस्व, खेल परिसर, पौधारोपण एवं सामुदायिक भवनों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में आयुक्त ने रामनगर एवं कुरूद के मुक्तिधाम संबंधी निविदा के बारे में चर्चा की, साथ ही खम्हरिया स्थित मुक्तिधाम के लिए भेजे गए प्रस्ताव की शासन से स्वीकृति के लिए पहल करने हेतु निर्देशित किये हैं। उन्होंने कहा कि विभागों से भेजी जाने वाली नस्तियों को लेखा परिक्षण पश्चात् आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि कार्यों की नियमित समीक्षा एवं समय पर निर्णय लिया जा सके। निगम के वाहनों में प्रतिदिन होने वाली ईंधन खपत की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने ईंधन की खपत में कमी लाने तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति, पूर्ण आवासों के आबंटन एवं लंबित कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त ने जनदर्शन, टीएल, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री एवं निदान पोर्टल से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों का समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शहर की प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र चालू कराने तथा आवश्यक स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों को पर्याप्त एवं बेहतर प्रकाश सुविधा मिल सके। राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान निगम की वित्तीय आय में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास करने पर जोर दिया गया। वहीं प्रियदर्शिनी परिसर स्थित खेल परिसर के कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने तथा मियावाकी प्लांटेशन एवं अन्य पौधारोपण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने निगम के सामुदायिक भवनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, उपायुक्त नरेंद्र कुमार बंजारे, अधीक्षण अभियंता वेशराम सिंहा, जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, राजस्व अधिकारी, लेखाधिकारी एवं उप अभियंता सहित निगम के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts