छत्तीसगढ़नई दिल्ली

भारत-जापान के बीच रणनीतिक, रक्षा और ऊर्जा सहयोग मजबूत करने पर चर्चा, जयशंकर ने जापानी नेताओं से की मुलाकात

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आज गुरुवार को जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के उपाध्यक्ष तारो एसो समेत वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक तथा ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
भारत और जापान के बीच चौथी विदेश एवं रक्षा मंत्री स्तरीय वार्ता (टू प्लस टू) में शामिल होने के लिए जापान पहुंचे जयशंकर ने एसो के साथ अपनी मुलाकात को ‘सुखद’ बताया। उन्होंने सरकारों, कारोबार जगत और दोनों देशों के लोगों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को और गहरा करने की एसो की प्रतिबद्धता की सराहना की।
विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम रणनीतिक, आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने की जरूरत पर सहमत हुए। दोनों देशों के बीच साझेदारी को सरकारों, कारोबार जगत और लोगों के स्तर पर और गहरा करने के उनके विचारों और प्रतिबद्धता की मैं सराहना करता हूं।’’ जयशंकर ने जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के मुख्यालय में जापान के पूर्व विदेश मंत्री तारो कोनो से भी मुलाकात की।
जापान के वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं के साथ ये मुलाकातें गुरुवार को होने वाली भारत-जापान टू प्लस टू वार्ता से पहले हुईं। इस वार्ता में दोनों देशों के बीच रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे। वहीं, जापान की ओर से विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी इसमें हिस्सा लेंगे।
इस वार्ता में दोनों देशों को क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर अपने विचार साझा करने तथा सुरक्षा एवं रक्षा सहयोग को और मजबूत करने का अवसर मिलने की उम्मीद है। इसमें स्वतंत्र, खुले और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता भी शामिल है। भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी है। दोनों देशों का सहयोग रक्षा, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और आर्थिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों तक फैला हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts