छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिल भुगतान को लेकर अस्पताल में विवाद, युवकों ने चाकू दिखाकर दी धमकी

बिलासपुर (विश्व परिवार)। बिलासपुर के तिफरा स्थित न्यू जनता अस्पताल में 200 रुपये के बिल भुगतान को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि इलाज कराने पहुंचे युवकों ने अस्पताल परिसर में हंगामा कर दिया। आरोप है कि उन्होंने चाकू लहराते हुए अस्पताल कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को धमकाया तथा तोड़फोड़ भी की। घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जहां सिरगिट्टी पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, बोरी फैक्ट्री के पास तिफरा निवासी नारायण मिश्रा न्यू जनता अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 15 जून की रात वह अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान रात करीब 12:20 बजे दो युवक इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। इलाज के बाद दोनों युवक बिल भुगतान को लेकर अस्पताल के कर्मचारियों वाशु और प्रियंका से विवाद करने लगे।
अस्पताल परिसर में बढ़ते विवाद को देखकर गार्ड नारायण मिश्रा ने दोनों को समझाने और बहस बंद करने के लिए कहा। शिकायत के अनुसार, गार्ड की बात सुनकर दोनों युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाल लिया और उसे लहराते हुए गार्ड को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों अस्पताल से बाहर निकल गए। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts