गरियाबंद (विश्व परिवार)। खरीफ फसल की तैयारी के बीच खाद संकट से किसानों में भारी आक्रोश है। गरियाबंद के कृषक सेवा सहकारी समिति बेलटुकरी में भीषण गर्मी में घंटों इंतजार के बाद भी जरूरत के अनुसार खाद नहीं मिलने से नाराज किसानों ने जमकर हंगामा किया। साथ ही आंदोलन की चेतावनी दी है।
जानकारी के मुताबिक, करीब 5 गांवों के किसान खाद लेने कृषक सेवा सहकारी समिति बेलटुकरी पहुंचे थे। भीषण गर्मी में घंटों इंतजार के बाद भी पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिलने और कटौती किए जाने से किसान नाराज हो गए, जिसके बाद नाराज किसानों ने जमकर हंगामा किया।
किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन शुरू होने से पहले खाद की कमी से खेती प्रभावित हो सकती है। पहली बार खाद वितरण में कमी से किसानों में ज्यादा नाराजगी देखी जा रही है। वहीं किसानों ने शासन की गाइडलाइन पर सवाल उठाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।







