गरियाबंद (विश्व परिवार)। जिले में किसानों की समस्याओं और विभिन्न मांगों को लेकर एक बार फिर किसान नेता सड़क पर उतर आए। टिम टिकैत के बैनर तले 50 से अधिक किसानों ने तेजराम विद्रोही के नेतृत्व में रैली निकाली और नारेबाजी करते हुए कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां किसानों ने कलेक्टोरेट के सामने धरना दिया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और किसानों की मांगें सुनी। उन्होंने ज्ञापन लेने के साथ ही बीज निगम के अधिकारियों से भी चर्चा की। तहसीलदार के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।
दरअसल, किसानों ने अपनी मांगों में फसल बीमा करने वाली निजी कंपनी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि उनकी सहमति के बिना ही कंपनी ने उनके बैंक खातों से बीमा की राशि काट ली। वहीं फसल को हुए नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर देने की शर्त को भी किसानों ने अव्यावहारिक बताया है।
किसानों ने चक्रवात के कारण फसलों को हुए नुकसान के बदले उचित मुआवजा देने और किसानों का कर्ज माफ करने की मांग उठाई है। इसके अलावा धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3,358 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग भी की गई है।







