छत्तीसगढ़रायपुर

वन मंत्री केदार कश्यप का बड़ा निर्देश, विभाग में 100% ई-ऑफिस व्यवस्था अनिवार्य

रायपुर (विश्व परिवार)। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने वन विभाग के समस्त कार्यालयों में ई-ऑफिस व्यवस्था का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के अनुरूप विभाग के मुख्यालय, वृत्त, वनमंडल तथा अन्य सभी कार्यालयों में कार्यालयीन नस्तियों एवं डाक का संचालन अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस के माध्यम से ही किया जाए। इस संबंध में उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी कर व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया है।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि विभाग प्रमुख की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी स्तर पर कोई भी फिजिकल फाइल संचालित नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी ई-ऑफिस के माध्यम से ही कार्यालयीन कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि शासन की डिजिटल कार्यप्रणाली को पूर्णतः लागू किया जा सके।
उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस व्यवस्था से फाइलों के निस्तारण में गति आएगी, निर्णय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनेगी तथा प्रत्येक स्तर पर कार्यों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग संभव होगी। इससे कार्यालयीन कार्यों में अनावश्यक विलंब समाप्त होगा और नागरिकों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
वन मंत्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और तकनीक आधारित प्रशासन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। ई-ऑफिस व्यवस्था का पूर्ण क्रियान्वयन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे वन विभाग की कार्यप्रणाली अधिक दक्ष, उत्तरदायी एवं पूर्णतः डिजिटल बनेगी। उन्होंने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कार्यालयों में ई-ऑफिस के शत-प्रतिशत अनुपालन की नियमित समीक्षा करें तथा यह सुनिश्चित करें कि शासन के निर्देशों का प्रभावी पालन हो।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts