रायपुर (विश्व परिवार) के पं. रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी में 26 से 28 नवंबर तक बायोलॉजिकल क्लॉक (क्रोनोबायोलॉजी) पर 3 दिवसीय नेशनल सेमिनार होगा। इसमें देशभर के वैज्ञानिक, डॉक्टर, रिसर्चर और शिक्षाविद शामिल होंगे। सेमिनार में नींद, शिफ्ट ड्यूटी, जेट लैग, लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियों, खेल प्रदर्शन और क्रोनोमेडिसिन पर रिसर्च पेपर प्रस्तुत किए जाएंगे।
यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ स्टडीज इन लाइफ साइंस की ओर से आयोजित इस सेमिनार में डीआरडीओ, सीएसआईआर, डीबीटी, एम्स दिल्ली, एम्स रायपुर, आईआईटी हैदराबाद, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, हैदराबाद यूनिवर्सिटी, जामिया मिल्लिया इस्लामिया और जेएनसीएएसआर समेत कई प्रमुख संस्थानों के वैज्ञानिक शामिल होंगे। सीएफटीआरआई मैसूरु और नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी इम्फाल के विशेषज्ञ भी हिस्सा लेंगे।
नींद, नाइट शिफ्ट और खेल प्रदर्शन पर होंगे सेशन
तीन दिनों में अलग-अलग वैज्ञानिक सेशन होंगे। इनमें बायोलॉजिकल क्लॉक का नींद और याददाश्त पर असर, पौधों और जानवरों की जैविक गतिविधियां, नाइट शिफ्ट में काम करने से होने वाले बदलाव, जेट लैग और लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियों पर चर्चा होगी। खेल प्रदर्शन और क्रोनोमेडिसिन यानी बायोलॉजिकल क्लॉक के हिसाब से इलाज और दवाओं के इस्तेमाल पर भी रिसर्च प्रस्तुत की जाएगी।
सेमिनार में मुख्य व्याख्यान, आमंत्रित व्याख्यान के साथ ओरल और पोस्टर प्रेजेंटेशन होंगे। विद्यार्थियों और युवा रिसर्चर्स को भी अपने शोध प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा।
2017 में बायोलॉजिकल क्लॉक पर रिसर्च के लिए मिला था नोबेल
बायोलॉजिकल क्लॉक पर रिसर्च को 2017 में अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली थी। उस साल वैज्ञानिक जेफ्री सी. हॉल, माइकल रोसबाश और माइकल डब्ल्यू. यंग को शरीर की सर्केडियन रिदम को नियंत्रित करने वाले आणविक तंत्र की खोज के लिए मेडिसिन का नोबेल प्राइज दिया गया था।
सेमिनार का आयोजन कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल के संरक्षण में होगा। स्कूल ऑफ स्टडीज इन लाइफ साइंस की विभागाध्यक्ष प्रो. आरती परगनिहा संयोजक, प्रो. अमिया एक्का सह-संयोजक और डॉ. लब्य प्रभास व डॉ. शिवेंद्र सिंह देवहरे आयोजन सचिव हैं।







