छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर में सूने मकानों को निशाना बनाने वाला गिरोह गिरफ्तार, 10 घरों में चोरी का खुलासा; 6 लाख के जेवर, नकदी, दो बाइक और क्रेटा कार जब्त

बिलासपुर (विश्व परिवार)। कोरबा से बाइक में आकर ग्रामीण क्षेत्र के सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ने में एसीसीयू व कोटा पुलिस की टीम को सफलता मिली है। पुलिस ने 10 घरों में चोरी करने वाले 3 युवकों के पास से चोरी के 6 लाख के सोने चांदी के जेवर, दो बाइक व चोरी की रकम से खरीदी गई कार जब्त कर कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ समय से कोटा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में दिनदहाड़े सूने मकानों से सोने चांदी के जेवर व नकद रकम की चोरी हो रही थी। जिस पर पुलिस की टीम बनाकर जांच शुरू की गई, सीसीटीवी फुटेज से कोरबा जिले में जाकर 3 शातिर चोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
कड़ाई बरतने पर तीनों ने पाली में एक व बिलासपुर के कोटा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्र के 9 मकानों में चोरी करना स्वीकार कर किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 6 लाख रुपए के सोने चांदी के जेवर, 1 लाख 30 हजार रुपए नकद, वारदात में प्रयुक्त एक बुलेट, एक बाइक व एक क्रेटा कार जब्त किया है।
बताया जा रहा है कि चोरी करने वाला भूपेंद्र राठौर पूर्व में एक स्कूल में प्राचार्य रह चुका है। वहीं मामले के मास्टर माइंड विनोद वासुदेव ने चोरी की रकम से नई क्रेटा कार खरीद ली थी और चोरी की रकम से किश्त पटा रहा था। पकड़े गए आरोपियों में विनोद कुमार वासुदेव, भूपेन्द्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी, राज प्रजापति कोरबा के मानिकपुर के रहने वाले हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts