गरियाबंदछत्तीसगढ़

गरियाबंद में जिला पंचायत अध्यक्ष की कार हादसे का शिकार, पिकअप से जोरदार टक्कर

गरियाबंद (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नेशनल हाईवे-130 सी पर गुरुवार सुबह सड़क हादसा हो गया। हादसे में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप बाल-बाल बच गए। वे अपनी इनोवा कार से निजी निवास से राजधानी की ओर जा रहे थे, तभी राजापड़ाव के पहले हाईवे के मोड़ पर सामने से आ रही पिकअप ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि इनोवा वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि हादसे में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। जानकारी के मुताबिक हादसा जुगाड़ और मैनपुर थाना क्षेत्र के बीच हुआ। राजापड़ाव के पहले हाईवे के एक मोड़ पर गरियाबंद की ओर से आ रही पिकअप सामने से जिला पंचायत अध्यक्ष की इनोवा से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
महीनेभर पहले रेंजर समेत दो लोगों की हुई थी मौत
स्थानीय लोगों के मुताबिक नेशनल हाईवे-130 सी पर झरियाबहारा से धूर्वागुड़ी के बीच करीब 40 किलोमीटर का हिस्सा बरसात के दौरान हादसों के लिहाज से बेहद संवेदनशील बना हुआ है। अभ्यारण्य क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का काम नहीं होने के कारण वाहन चालकों को कई जगह परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में इस मार्ग पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। करीब एक महीने पहले भी इसी हाईवे पर हुए सड़क हादसे में देवभोग रेंजर और उनके चालक की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों के बाद इस मार्ग की सड़क सुरक्षा और चौड़ीकरण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts