Blog

सोलापुर में भव्य समारोह, ब्र. प्रितेश कोठारी को ‘जैन गौरव’ और संजोग गांधी को ‘प्रभावना पुरुषोत्तम’ सम्मान

सोलापुर  (विश्व परिवार)। उत्कर्ष समूह भारत के तत्वावधान में परम पूज्य पट्टाचार्य श्री विशुद्धसागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि श्री सुप्रभ सागर जी महाराज, परम पूज्य मुनि श्री पुराणसागर जी महाराज (शिष्य संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज), मुनि श्री प्रणतसागर जी महाराज तथा क्षुल्लक श्री विप्रज्ञ सागर जी महाराज के मंगल सान्निध्य में 21 नवंबर 2026 को सोलापुर, महाराष्ट्र में ‘समाधिवीर गणाचार्य श्री विरागसागर राष्ट्रीय पुरस्कार’ एवं ‘संयम पुरुषोत्तम पट्टाचार्य श्री विशुद्धसागर राष्ट्रीय पुरस्कार’ समर्पण समारोह भव्यतापूर्वक संपन्न हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि बालचंद हीराचंद ग्रुप के प्रमुख श्री अरविंद राव दोशी थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा महाराष्ट्र प्रांत के सह-अध्यक्ष श्री मोहन डागरे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सौ. ऋजुता शाह, सोलापुर द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुआ। अतिथियों ने चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
दो विभूतियों को राष्ट्रीय सम्मान से किया अलंकृत :
समारोह में समाधिवीर गणाचार्य श्री विरागसागर राष्ट्रीय पुरस्कार के साथ ‘जैन गौरव’ उपाधि से ब्रह्मचारी श्री प्रितेश जी कोठारी को तथा संयम पुरुषोत्तम पट्टाचार्य श्री विशुद्धसागर राष्ट्रीय पुरस्कार के साथ ‘प्रभावना पुरुषोत्तम’ उपाधि से श्री संजोग शांतिलाल गांधी, सोलापुर को अलंकृत किया गया।
दोनों सम्मानित विभूतियों को पुरस्कार राशि, स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र, माला, तिलक एवं साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री अरविंद दोशी, उत्कर्ष समूह के निदेशक डॉ. सुनील जैन ‘संचय’, ललितपुर, अध्यक्ष श्री रवींद्र गहाणकर, अमरावती, श्री सौरभ कासलीवाल, इंदौर, विशिष्ट अतिथि श्री मोहन डागरे, पं. मुकेश जैन, गुड़गांव, पं. अखिलेश जैन, रमगढ़ा तथा पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति, कासार मंदिर, सोलापुर के पदाधिकारियों ने सम्मान समर्पित किया।
इसी क्रम में मातृभूमि पावस योग के आयोजन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवा समाजसेवी श्री साहिल शाह, सोलापुर को उत्कर्ष समूह की ओर से विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
अभिवंदन ग्रंथ फोल्डर एवं छायाचित्र का भव्य विमोचन :
समारोह का एक महत्वपूर्ण आकर्षण ‘विशुद्धावदान अभिवंदन ग्रंथ’ कार्ड तथा पट्टाचार्य श्री विशुद्धसागर जी महाराज के छायाचित्र का भव्य विमोचन रहा। उपस्थित अतिथियों एवं संतों के सान्निध्य में इनका विमोचन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने हर्ष व्यक्त किया।
वहीं पंचकल्याणक महोत्सव समिति एवं पार्श्वनाथ दिगंबर जैन कासार मंदिर समिति, सोलापुर द्वारा उत्कर्ष समूह के निदेशक डॉ. सुनील जैन ‘संचय’, ललितपुर, अध्यक्ष श्री रवींद्र गहाणकर, अमरावती एवं श्री सौरभ कासलीवाल, इंदौर का सम्मान किया गया।
पुरस्कार केवल सम्मान नहीं, गुणों और आदर्शों के अनुकरण की प्रेरणा हैं : मुनि श्री सुप्रभसागर
मुनि श्री सुप्रभसागर जी महाराज ने अपने मंगल उद्बोधन में कहा कि पुरस्कारों की सार्थकता केवल किसी व्यक्ति को सम्मानित करने में नहीं, बल्कि उसके जीवन के आदर्शों, त्याग, तप, साधना और समाज के प्रति समर्पण को जन-जन तक पहुँचाने में है। गणाचार्य श्री विरागसागर जी महाराज और पट्टाचार्य श्री विशुद्धसागर जी महाराज जैसे महान संतों के नाम पर राष्ट्रीय पुरस्कार प्रारंभ करना उनके आध्यात्मिक अवदान के प्रति विनयांजलि है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी गौरवशाली संत परंपरा से जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को धर्म, संस्कृति एवं सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उत्कर्ष समूह के माध्यम से सम्मान और संस्कार की यह परंपरा निरंतर आगे बढ़ती रहे, यही मंगल भावना है। सम्मानित होने वाली विभूतियों का कर्तव्य है कि वे इस सम्मान को व्यक्तिगत उपलब्धि न मानकर समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व के रूप में स्वीकार करें। सम्मान तभी सार्थक है, जब उससे दूसरों को भी श्रेष्ठ कार्य करने की प्रेरणा मिले।

प्रभावना के लिए प्रतिभाओं का सम्मान आवश्यक : मुनि श्री पुराण सागर
मुनि श्री पुराण सागर जी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि जैन धर्म की प्रभावना केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है, बल्कि साहित्य, शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक सेवा और नैतिक मूल्यों के संरक्षण से भी होती है।
2022 में हुई थी उत्कर्ष समूह की स्थापना :
उल्लेखनीय है कि परम पूज्य मुनि श्री सुप्रभ सागर जी महाराज की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में वर्ष 2022 में उत्कर्ष समूह की स्थापना की गई थी। स्थापना के समय से ही समूह द्वारा प्रतिवर्ष संयम पुरुषोत्तम पट्टाचार्य श्री विशुद्धसागर राष्ट्रीय पुरस्कार एवं ‘प्रभावना पुरुषोत्तम’ उपाधि प्रदान कर धर्म, दर्शन, साहित्य एवं समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जा रहा है।
इसी सम्मान परंपरा को और व्यापक स्वरूप प्रदान करते हुए इस वर्ष से समाधिवीर गणाचार्य श्री विरागसागर राष्ट्रीय पुरस्कार एवं ‘जैन गौरव’ उपाधि का भी शुभारंभ किया गया है। यह पहल जैन समाज की उन विभूतियों के योगदान को प्रतिष्ठित करने का सार्थक प्रयास है, जिन्होंने अपने कार्यों से धर्म, संस्कृति, साहित्य एवं सामाजिक चेतना को समृद्ध किया है।
समारोह का प्रभावी एवं सफल संचालन उत्कर्ष समूह के निदेशक डॉ. सुनील जैन ‘संचय’, ललितपुर ने किया। संपूर्ण आयोजन श्रद्धा, गरिमा एवं उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts