राजनांदगाँव (विश्व परिवार)।बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अपनी विस्तार एवं जनसुलभ बैंकिंग सेवाओं की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए दुर्ग क्षेत्र की 60वीं शाखा ‘इंडस्ट्रियल इस्टेट राजनांदगाँव’ का शुभारंभ गरिमामय समारोह में किया गया। नवीन शाखा का उद्घाटन माननीय श्री अजय कुमार यादव (आईपीएस), पुलिस महानिरीक्षक तथा श्री दिवाकर प्रसाद सिंह, महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, रायपुर अंचल के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रमुख श्री संदीप कुमार मान ने अपने उद्बोधन में कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा अपने ग्राहकों की विविध बैंकिंग एवं वित्तीय आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए एकीकृत एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने बैंक द्वारा संचालित विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं, ग्राहक-केंद्रित पहलों तथा सुलभ एवं प्रभावी बैंकिंग सेवाओं के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
श्री दिवाकर प्रसाद सिंह, महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, रायपुर अंचल ने अपने संबोधन में कहा कि औद्योगिक क्षेत्र, राजनांदगाँव में बैंक की नवीन शाखा का शुभारंभ क्षेत्र के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेगा। यह शाखा स्थानीय उद्यमियों, व्यवसायियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों की वित्तीय आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ उनके व्यावसायिक विस्तार में भी महत्वपूर्ण सहयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ एवं समयबद्ध बैंकिंग सुविधाएँ उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। साथ ही, डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते प्रचलन के परिप्रेक्ष्य में साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा ओटीपी, पिन एवं पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारियाँ किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की।
माननीय श्री अजय कुमार यादव (आईपीएस), पुलिस महानिरीक्षक ने अपने संबोधन में वर्तमान डिजिटल परिवेश में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता एवं जन-जागरूकता की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल बैंकिंग एवं ऑनलाइन लेन-देन के बढ़ते विस्तार के साथ साइबर सुरक्षा का महत्व और अधिक बढ़ गया है। साइबर अपराधों की रोकथाम तथा ग्राहकों को सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक बनाने में बैंकिंग संस्थानों की भूमिका एवं उत्तरदायित्व अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बैंकिंग संस्थानों से ग्राहकों को साइबर धोखाधड़ी के विभिन्न स्वरूपों, उनके संभावित जोखिमों तथा बचाव के उपायों के प्रति निरंतर जागरूक करने का आह्वान किया। साथ ही, साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए बैंकिंग संस्थानों एवं पुलिस प्रशासन के मध्य बेहतर समन्वय एवं सहयोग को आवश्यक बताया।
इस अवसर पर बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं ग्राहकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन उपस्थित अतिथियों एवं सभी गणमान्यजन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हुआ।







