भिलाई

जनदर्शन की शिकायतों का हो त्वरित निराकरण, विकास कार्यों में न हो देरी – आयुक्त

भिलाईनगर (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह ने गुरुवार को निगम सभागार में विभिन्न विकास कार्यों एवं विभागीय गतिविधियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मुख्य कार्यालय एवं सभी जोन कार्यालयों के अधिकारी तथा अभियंतागण उपस्थित रहे। आयुक्त ने सभी विभागों को नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में गति लाने तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आयुक्त ने कहा कि जनदर्शन के माध्यम से नागरिकों से प्राप्त मांगों एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी भी समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। आयुक्त ने सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, निर्माण कार्य एवं अन्य आवश्यक कार्यों से संबंधित निविदा प्रक्रिया आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में कार्य प्रभावित न हों और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं निरंतर उपलब्ध होती रहें।
बैठक में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) कचान्दुर के उपचारित जल के प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा की गई। आयुक्त ने उपचारित जल का प्राथमिकता के आधार पर औद्योगिक एवं सिंचाई कार्यों में उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जल कार्य विभाग को पाइपलाइन विस्तार एवं जलापूर्ति से जुड़े सभी कार्य करने कहा गया है, साथ ही वितरण प्रणाली, पाइपलाइन विस्तार से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गये हैं। बोरवेल कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निर्देशित किया कि बोरवेल खुदाई के मामलों में पानी निकलने की स्थिति में ही संबंधित एजेंसी को भुगतान किया जाए। उन्होंने बिजली बिलों के बढ़ते भार एवं लंबित भुगतान की भी समीक्षा की तथा सरचार्ज में राहत प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा निगम कार्यालय में स्थापित काउकैचर एवं एलिवेटर के तत्काल संधारण कराए जाने कहा गया है, साथ ही आवश्यक वाहनों की मरम्मत एवं सुधार कार्य बिना विलंब पूर्ण कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। आयुक्त ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक विकास एवं जनहित के कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें, जिससे नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts