छत्तीसगढ़

बाराडेरा धाम में 50 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन, श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

बाराडेरा धाम/धरसीवां/आरंग/रायपुर (विश्व परिवार)। सतनामी समाज की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक परंपरा के प्रमुख केंद्रों में से एक बाराडेरा धाम स्थित अमृत सरोवर तालाब में ₹50 लाख से अधिक की लागत से पचरी एवं सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। मंत्री एवं सतनामी समाज के गुरु,गुरु खुशवंत साहेब की पहल पर होने वाले इन विकास कार्यों से धाम में आने वाले श्रद्धालुओं, दर्शनार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी एवं परम पूज्य गुरु अमरदास बाबा जी का स्मरण कर किए गए इस भूमिपूजन से धार्मिक स्थल पर जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने कहा कि बाराडेरा धाम सतनामी समाज की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थलों का संरक्षण, संवर्धन और विकास हमारी प्राथमिकता है। यहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए अमृत सरोवर तालाब में पचरी एवं सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा तालाब के आसपास की व्यवस्थाएं बेहतर होंगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी परंपराओं, सामाजिक विरासत और आस्था को सहेजने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। बाराडेरा धाम जैसे पवित्र स्थलों पर जनसुविधाओं का विस्तार होने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और धाम की गरिमा भी और सुदृढ़ होगी।
गुरु खुशवंत साहेब ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आरंग विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों के विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है। हमारा उद्देश्य विकास कार्यों के माध्यम से आम नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक बनाना और समाज की आस्था से जुड़े स्थलों को बेहतर स्वरूप प्रदान करना है।उन्होंने कहा कि जनसेवा, सामाजिक समरसता, आस्था के सम्मान और सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ आरंग विधानसभा क्षेत्र को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाना हमारा लक्ष्य है। बाराडेरा धाम में पचरी एवं सीसी रोड निर्माण कार्य इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर धरसीवां विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा,जनप्रतिनिधिगण सहित सतनामी समाज एवं सतनाम सेना के अधिकारी कर्मचारी, गुरु अमरदास सतसंघ समिति के पदाधिकारी,सदस्यगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहें।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts