रायगढ़ (विश्व परिवार)। अदाणी फॉउंडेशन की ओर से पॉवर प्लांट परिसर में अदाणी विद्या मंदिर और अदाणी हॉस्पिटल का भूमिपूजन वैदिक मंत्रोच्चार एवं परंपरागत विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ. इसे अदाणी पॉवर लिमिटेड की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. अदाणी फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से रायगढ़ जिले के ग्रामों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन, आधारभूत संरचना विकास, खेल, संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर निरंतर कार्य कर रही है. इन पहलों का उद्देश्य ग्रामीण समुदायों के जीवन स्तर में सुधार लाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
इस पहल के अंतर्गत प्रस्तावित अदाणी विद्या मंदिर में पहली से कक्षा 12वीं तक की शिक्षा व्यवस्था होगी, जिससे क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र शिक्षा प्राप्त हो सकेगी. वहीं, अदाणी हॉस्पिटल 40 बिस्तरों की क्षमता वाला आधुनिक स्वास्थ्य संस्थान होगा, जहाँ ग्रामीणों को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी. परियोजना क्षेत्र में इस महत्वपूर्ण कदम से आसपास के हजारों परिवारों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की संभावना है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में विजय सिदार (जनपद पंचायत सदस्य), ओमप्रकाश गुप्ता (सरपंच, बड़े भंडार), अशोक सिदार (सरपंच, छोटे भंडार), ममता खगेश्वर चौहान (सरपंच, कलमा), संजय मैत्री (सरपंच, बरपाली) सहित क्षेत्र के अन्य पंच, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. साथ ही, अदाणी पॉवर लिमिटेड, रायगढ़ के चीफ बिज़नेस ऑफिसर, प्रोजेक्ट हेड तथा ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस हेड भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अदाणी पॉवर लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी- सीएसआर हेड, एचआर हेड, सिविल हेड (प्रोजेक्ट), मैकेनिकल हेड (प्रोजेक्ट), लैंड लाइज़निंग हेड तथा सेफ्टी हेड (प्रोजेक्ट) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने वक्तव्यों में कहा कि अदाणी विद्या मंदिर और अदाणी हॉस्पिटल की स्थापना से क्षेत्र में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी, साथ ही मानव संसाधन विकास और सामाजिक उत्थान को भी बढ़ावा मिलेगा. स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अदाणी पॉवर लिमिटेड एवं अदाणी फाउंडेशन के प्रति आभार जताया और इसे आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम बताया।
अदाणी विद्या मंदिर एवं अदाणी हॉस्पिटल की स्थापना ग्रामीण अंचलों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नई शुरुआत का प्रतीक है, जो सामाजिक और आर्थिक विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी. यह पहल कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत समाज के प्रति अदाणी पॉवर लिमिटेड की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।







