राजनांदगांव (विश्व परिवार)। जिले के स्वास्थ्य विभाग में अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आधार बेस सॉफ्टवेयर में 100 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य कर दिया है। इस संबंध में 8 मई 2026 को संशोधित आदेश जारी किया गया है।
जारी निर्देश के अनुसार, मार्च से अप्रैल 2026 के बीच उपस्थिति की समीक्षा में पाया गया कि कई अधिकारी और कर्मचारी नियमित रूप से AadhaarBAS में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं। कुछ मामलों में केवल आने का समय दर्ज किया गया, जबकि जाने का समय दर्ज नहीं किया गया, जिससे उपस्थिति शून्य मानी गई।
CMHO ने इस पर नाराजगी जताते हुए सभी अधीनस्थ स्वास्थ्य केंद्रों को सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की उपस्थिति प्रतिदिन अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
यह आदेश सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी और जिला कार्यक्रम प्रबंधक को भेजा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर आगे सख्त कार्रवाई की जा सकती है।








