डोंगरगढ़ (विश्व परिवार)। शनिवार तड़के डोंगरगढ़-मुरमुंदा रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी।सुबह करीब 4 बजे कार और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर के बाद अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते कार जलकर खाक हो गई। साथ ही स्कूटी भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह से जल गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल की मदद से आग बुझाई गई। हादसे के बाद सड़क पर जले हुए वाहनों के अवशेष और क्षतिग्रस्त स्कूटी का मंजर सामने आया।
मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए आ रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार लोग गोंदिया निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि परिवार राजनांदगांव से डोंगरगढ़ की ओर आ रहा था और मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने के बाद गोंदिया लौटने की तैयारी थी। हालांकि कार में कितने लोग सवार थे और हादसे के बाद उनकी स्थिति क्या रही, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। हादसे को लेकर सामने आई प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार और स्कूटी की भिड़ंत के बाद स्पार्किंग हुई और आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कार को संभलने का मौका नहीं मिला और वह जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आग की चपेट में स्कूटी भी आ गई, हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
कार पर MH35KR5879 नंबर, महाराष्ट्र पासिंग की संभावना
हादसे में क्षतिग्रस्त कार पर MH35KR5879 नंबर दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। नंबर के आधार पर कार के महाराष्ट्र पंजीयन का होने की संभावना जताई जा रही है। वाहन के मालिक और पंजीयन संबंधी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग या पुलिस जांच के बाद ही होगी।
सबसे बड़ा सवाल—स्कूटी मालिक कहां है?
हादसे के बाद मौके पर मिली स्कूटी को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सुबह करीब 8:30 बजे तक स्कूटी के मालिक के सामने नहीं आने की जानकारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्कूटी किसकी है और हादसे के वक्त उसे कौन चला रहा था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों वाहनों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। वाहन की गति कितनी थी, सड़क पर उस समय क्या स्थिति थी और टक्कर के बाद आग किस वजह से भड़की, इन सभी बिंदुओं की जांच की जानी बाकी है।
हादसे में किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच और आधिकारिक जानकारी के बाद ही दुर्घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। मुरमुंदा रोड पर तड़के हुई इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रात के समय यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।







