रायपुर (विश्व परिवार)। भारत सरकार एवं विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2026) के उपलक्ष्य में कृषि महाविद्यालय, रायपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा तीन दिवसीय योग कार्यशाला एवं योग प्रदर्शन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यशाला 18 से 20 जून 2026 तक आयोजित की जा रही है।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस कृषि महाविद्यालय, रायपुर के कृषि मंडपम में आयोजित योग कार्यशाला में लगभग 85 प्रतिभागियों ने योग प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यशाला में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, कार्यक्रम अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
योग प्रशिक्षक सुश्री संगीता निर्मलकर ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं तनाव प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताया।
यह योग कार्यशाला 20 जून 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके उपरांत 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में सामूहिक योग प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।








