छत्तीसगढ़बिलासपुर

आईपीएल सट्टा रैकेट का भंडाफोड़: बिलासपुर में दो सटोरी गिरफ्तार

बिलासपुर (विश्व परिवार)। आईपीएल सीजन शुरू होते ही शहर में ऑनलाइन सट्टेबाजी का अवैध कारोबार एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इस बीच सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 1,48,500 रुपये नकद, मोबाइल फोन और सट्टे में प्रयुक्त एक्टिवा जब्त की गई है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
मोबाइल के जरिए खिला रहे थे सट्टा
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मोबाइल के माध्यम से आईपीएल मैचों में हार-जीत और बॉल-टू-बॉल रन पर दांव लगवा रहे थे। आईपीएल में सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू टीम ने जरहाभाठा क्षेत्र में दबिश दी, जहां दोनों युवक ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ पवार (निवासी सिंधी कॉलोनी, जरहाभाठा) और कमल पंजवानी (निवासी चकरभाठा) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके मोबाइल फोन में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच चल रहे मैच पर सट्टा खिलाने के प्रमाण मिले।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा पट्टी, दो मोबाइल फोन और एक्टिवा क्रमांक CG-10-AJ-8770 जब्त किया है।
विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) और बीएनएस की धारा 112 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसीसीयू टीम आरोपियों से पूछताछ कर सट्टेबाजी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
घूम-घूमकर चला रहे थे सट्टे का खेल
जांच में सामने आया है कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए किसी एक स्थान पर नहीं बैठते थे, बल्कि एक्टिवा से घूम-घूमकर मोबाइल ऐप के जरिए सट्टा खिलाते थे। पुलिस का कहना है कि आईपीएल के दौरान सक्रिय ऐसे गिरोहों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts