रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर में एक बार फिर लिफ्टकांड हो गया. रजबंधा मैदान स्थित निजी कॉम्प्लेक्स में मंगलवार को अचानक लिफ्ट खराब हो गई, जिसमें भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी समेत 7 लोग अंदर लगभग 15 मिनट तक फंसे रहे. मौके पर हड़कंप मच गया. किसी तरह सुरक्षा गार्ड ने दरवाजे खुलवाकर उन्हें बाहर निकाला. घटना का वीडियो भी सामने आया है।
भाजपा प्रवक्ता ने प्रबंधन पर फोड़ा ठिकरा
वीडियो में भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कॉम्पलेक्स प्रबंधन पर ठिकरा फोड़ा. भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि इस कॉम्प्लेक्स में पहले भी लिफ्ट खराब होने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं. कभी बुजुर्ग तो कभी महिलाएं यहां लिफ्ट में फंस जाती हैं. उन्होंने जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने प्रशासन से नियमों के तहत कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, निजी कॉम्प्लेक्स में भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी और अन्य लोग लिफ्ट से ऊपर जा रहे थे. इस दौरान लिफ्ट अचानक बंद हो गया. सभी ने बार-बार अलार्म और फोन से मदद मांगने की कोशिश की, हालांकि तत्काल किसी प्रकार की तकनीकी सहायता नहीं मिल सकी. बाद में कॉम्पलेक्स के सुरक्षा गार्ड और कर्मचारियों ने मशक्कत कर लिफ्ट का गेट खुलवाया. इसके बाद सभी सुरक्षित बाहर निकल गए।
लिफ्ट में फंस चुकी हैं एसीएस
बता दें कि रायपुर की कमर्शियल बिल्डिंग्स के लिफ्ट इन दिनों चर्चा में हैं. पिछले दिनों करेंसी टॉवर की लिफ्ट में एसीएस यानी असिस्टेंट चीफ सेक्रेटरी (ACS) ऋचा शर्मा लिफ्ट में फंस गईं. यह घटना सुबह करीब 6:30 बजे की थी, जब ACS ऋचा शर्मा लगभग 10 मिनट तक लिफ्ट के अंदर फंसी रहीं. वह लिफ्ट से जिम जा रही थी, तभी घटना हुई. मामले में कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए थे. जांच में सामने आया था कि विद्युत आपूर्ति में व्यवधान आने पर डीजल जनरेटर के ऑटोमैटिक चेंजओवर सिस्टम में तकनीकी खराबी उत्पन्न हुई, जिसके कारण यूपीएस भी प्रभावित हुआ और लिफ्ट को निरंतर विद्युत आपूर्ति नहीं मिल सकी।







