रायपुर

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 18 जून को रायपुर में आयोजित आचार पदारोहण महोत्सव में होंगे शामिल

रायपुर (विश्व परिवार)। आचार्य पदारोहण सहस्त्रावधान तपस्या महोत्सव समिति के प्रचार-प्रसार प्रभारी अजय मालू एवं  कन्हैया लुनावत ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि माननीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जी द्वारा कार्यक्रम में सहभागिता की सहमति प्रदान किए जाने से जैन समाज एवं समस्त आयोजन समिति में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है।”

सकल जैन श्री संघ, रायपुर एवं अखिल भारतीय खरतरगच्छ श्वेतांबर महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने जा रहे परम पूज्य पन्यासप्रवर विनय कुशल मुनि जी महाराज के आचार्य पदारोहण महोत्सव को लेकर राजधानी रायपुर में उत्साह एवं हर्ष का वातावरण है। यह भव्य आयोजन 16, 17 एवं 18 जून 2026 को संपन्न होगा।

इसी क्रम में आचार पदारोहण सहस्त्रावधान तपस्या महोत्सव समिति के संयोजक  राजेश बुरड़, अध्यक्ष सुनील पारख, कोषाध्यक्ष अनिल कोठारी एवं अन्य पदाधिकारियों ने आज नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से सौजन्य भेंट कर उन्हें महोत्सव की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा कार्यक्रम में पधारने हेतु आमंत्रित किया।

समिति के पदाधिकारियों ने माननीय लोकसभा अध्यक्ष को महोत्सव की स्मारिका एवं आमंत्रण पत्रिका भेंट करते हुए बताया कि इस आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण मात्र 14 वर्षीय बालमुनि श्री हंसभद्र मुनि जी महाराज द्वारा किया जाने वाला ‘सहस्त्रावधान’ होगा, जो अपनी विलक्षण स्मरण शक्ति, एकाग्रता एवं आध्यात्मिक साधना का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें यह भी अवगत कराया कि परम पूज्य पन्यासप्रवर गणी श्री वीरभद्र मुनि जी महाराज (विराग मुनि जी) की 162 उपवासों की अखंड तपस्या निरंतर जारी है, जो जैन साधना, त्याग और तप की अनुपम मिसाल है।

माननीय श्री ओम बिरला जी ने महोत्सव की जानकारी में गहरी रुचि व्यक्त करते हुए इस आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक आयोजन की सराहना की तथा विराग मुनि जी की दीर्घ तपस्या के प्रति अपनी श्रद्धा एवं अनुमोदना व्यक्त की। उन्होंने समिति के आग्रह को सहर्ष स्वीकार करते हुए 18 जून 2026 को रायपुर में आयोजित आचार्य पदारोहण समारोह में उपस्थित रहने की सहमति प्रदान की।

उनकी सहमति के पश्चात जैन समाज एवं समस्त आयोजन समिति में विशेष उत्साह का वातावरण है। समिति के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय लोकसभा अध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति से यह आयोजन और अधिक ऐतिहासिक, प्रेरणादायी एवं स्मरणीय बनेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts