देशपटना

पटना एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, दिल्ली से आ रही एअर इंडिया फ्लाइट से टकराया पक्षी; 164 यात्री सुरक्षित

पटना (विश्व परिवार)। पटना एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह बर्ड हिट का मामला सामने आया है। दिल्ली से 164 यात्रियों को लेकर पटना आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट से पक्षी टकरा गया। अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट AI 1741 सुबह 7:43 बजे सुरक्षित रूप से उतरी।
एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट अधिकारियों ने इमरजेंसी लैंडिंग प्रोटोकॉल लागू कर दिया था और फायर व अन्य संबंधित सेवाओं को तैनात कर दिया था। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, AI 1741 के पायलट ने रनवे के पास पहुंचते समय विमान के दाहिने टरबाइन के पास पक्षी के टकराने की आशंका जताई थी।
लैंडिंग के बाद की जांच में पक्षी के टकराने की पुष्टि हुई, लेकिन इंजन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। जरूरी जांच-पड़ताल के बाद विमान को दिल्ली लौटने की मंजूरी मिल गई। 160 यात्रियों वाली वापसी की फ्लाइट AI 1852 में 79 मिनट की देरी हुई। यह सुबह 8.45 बजे के तय समय के बजाय सुबह 10.09 बजे रवाना हुई।
लैंडिंग से पहले पायलट ने दी बर्ड हिट की सूचना
जानकारी के मुताबिक, पक्षी से टकराने के बाद पायलट ने इसकी सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग प्रोटोकॉल लागू किया गया। फायर सर्विस की टीम को भी मौके पर तैनात कर दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
17 अगस्त को भी फ्लाइट से टकराया था पक्षी
इससे पहले 17 अगस्त को दिल्ली से पटना आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट बर्ड हिट का शिकार हुई थी। इसमें विमान को इतना नुकसान हुआ था कि 2 दिनों तक उड़ान पर रोक लगा दी गई थी। मरम्मत के लिए दिल्ली से इंजीनियर्स को बुलाना पड़ा था।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts