छत्तीसगढ़नारायणपुर

सहकारिता के क्षेत्र में नारायणपुर को बड़ी सौगात : मंत्री केदार कश्यप ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नवीन शाखा का किया लोकार्पण

  • किसानों, महिला समूहों और ग्रामीण हितग्राहियों को अब मिलेगी बैंकिंग एवं कृषि ऋण की बेहतर सुविधा

नारायणपुर (विश्व परिवार)। प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने आज नारायणपुर जिले को सहकारिता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सौगात देते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नवीन शाखा भवन का लोकार्पण किया। लगभग 36 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक भवन के प्रारंभ होने से जिले के किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, ग्रामीण उद्यमियों एवं आम नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ और अधिक सुगमता से प्राप्त होगा।
लोकार्पण समारोह में मंत्री केदार कश्यप ने अनावरण कर भवन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार सहकारिता को मजबूत कर ग्रामीण क्षेत्रों तक वित्तीय सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि नवीन शाखा के प्रारंभ होने से किसानों को कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन एवं स्वरोजगार संबंधी ऋण योजनाओं का लाभ अधिक सरलता और पारदर्शिता के साथ मिलेगा। अब ग्रामीणों को बैंकिंग कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी।
मंत्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और सहकारिता आंदोलन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बैंक परिसर में नोडल कार्यालय भवन, बैठक हॉल में शेड निर्माण एवं शौचालय निर्माण की घोषणा भी की।
इस अवसर पर 15 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड एवं बीज का वितरण किया गया। कार्यक्रम को पूर्व सांसद एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप तथा उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने भी संबोधित किया।
बैंक अधिकारियों ने बताया कि नवीन शाखा में ग्राहकों की सुविधा के लिए आधुनिक बैंकिंग व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं, जिनमें डिजिटल बैंकिंग सेवाएं, सुव्यवस्थित काउंटर एवं पारदर्शी लेन-देन प्रणाली शामिल है। इससे ग्राहकों को तेज, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्राप्त होंगी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघुवनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत सदस्य, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, जिला स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान एवं नागरिक उपस्थित थे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts