छत्तीसगढ़रायपुर

कैप्टन स्मित मच्छार के स्वास्थ्य लाभ के लिए दूधाधारी मठ में 11 बार हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र श्री दूधाधारी मठ में मंगलवार को एक अभूतपूर्व आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला। अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सूझबूझ से सैकड़ों यात्रियों की जान बचाकर भारत का मान पूरे विश्व में बढ़ाने वाले जांबाज भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु जीवन के लिए 11 बार सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया।
रायपुर लोकसभा के सांसद बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस महापाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पार्टी पदाधिकारी और हनुमान भक्त शामिल हुए।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अत्यंत भावुक और ओजस्वी शब्दों में कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार ने जो पराक्रम दिखाया है, उसने हर भारतवासी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। दुबई एयरलाइंस के पायलट के रूप में उन्होंने अपने अदम्य साहस से न सिर्फ विमान को बड़े आतंकी व आत्मघाती खतरे से बचाया, बल्कि 170 यात्रियों के साथ-साथ उस शहर को भी 9/11 जैसे भयावह मंजर से बचा लिया जहां वह विमान टकरा सकता था।
श्री अग्रवाल ने कहा, “गंभीर रूप से घायल होने और जीवन-मृत्यु के बीच संघर्ष करने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। मृत्युशैया पर रहकर भी हनुमान जी का स्मरण और हनुमान चालीसा का जाप करते हुए उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर विमान की सकुशल लैंडिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह केवल वीरता नहीं, बल्कि प्रभु भक्ति और राष्ट्रभक्ति का अप्रतिम उदाहरण है। आज भारत ही नहीं, बल्कि इजराइल के प्रधानमंत्री, अमेरिका के राष्ट्रपति, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और हमारे देश के प्रधानमंत्री जी ने भी उनके परिवार से बात कर उनके इस अदम्य साहस की सराहना की है।”
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार हमारे देश के स्वाभिमान, सम्मान और गौरव के प्रतीक हैं। आज पूरा रायपुर उनके साथ खड़ा है। संकटमोचक हनुमान जी महाराज से हम सब एक स्वर में यही प्रार्थना कर रहे हैं कि हमारे वीर पायलट जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ हों और पुनः आकाश की ऊंचाइयों में तिरंगे का मान बढ़ाएं।
सांसद श्री अग्रवाल के आह्वान पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभाओं के प्रत्येक मंडल में भी कार्यकर्ताओं और नागरिकों द्वारा इसी प्रकार सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ कर कैप्टन के स्वास्थ्य लाभ की मंगलकामना की गई।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, सुभाष तिवारी, मोहन एंटी, अंबर अग्रवाल, सचिन मेघानी, बद्री गुप्ता, ममता सोनू तिवारी, राम कृष्ण धीवर, हरि बल्लभ अग्रवाल, विजय अग्रवाल, सालिक सिंह ठाकुर, आशीष धनगढ, बृजेश पांडे, सरिता वर्मा, चूड़ामणि निर्मलकर, जय नायक, रमेश सपहा, राजेंद्र नायक, किशन व्यास, श्याम सुंदर अग्रवाल, चंद्रपाल धनगर, ममता नायक, सीमा सिंह, मनोज राजपूत, अभिषेक तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts