रायपुर (विश्व परिवार)। सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया आज के दिन सारे भारत में मेगा कृषि ऋण आउटरीच कार्यक्रम आयोजित कर रहा है । इसी तारतम्य में हमारे बैंक के कृषि एवं सामाजिक बैंकिंग विभाग द्वारा आज होटल जिंजर लीफ, धमतरी में मेगा कृषि ऋण आउटरीच कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के किसानों को हमारे बैंक की विविध कृषि ऋण योजनाओं की जानकारी देना तथा कृषकों की जरूरत के अनुसार हर संभव सहायता करते हुए
कृषि ऋण वितरित करना है, जिससे देश के कृषकों का सशक्तिकरण व विकास हो सके। इस कार्यक्रम में लगभग 100 कृषकों एवं स्व-सहायता समूह हितग्राहियों ने बढ़ चढ़कर उत्साह पूर्वक भाग लिया। इस कार्यक्रम में उपस्थित कृषकों को कृषि ऋण संबंधी विविध योजना की जानकारी देने के अलावा उनकी ऋण संबंधी समस्याओं के फीडबैक लेकर अपने प्रोडक्ट व प्रक्रिया में यथासंभव सुधार करने का आश्वासन भी बैंक द्वारा दिया गया। इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मनीष साहू, उपनिदेशक-कृषि, रविंद्र कुमार तिलवानी, एलडीएम व सलज अग्रवाल, जिला संयोजक, व्यापारी प्रकोष्ठ-धमतरी ने उपस्थितों को संबोधित किया। साथ ही, इस कार्यक्रम में हमारे बैंक के मुंबई स्थित मुख्यालय से पधारे महाप्रबंधक रोहित कुमार एवं रायपुर अंचल के अंचल प्रमुख राकेश भूतड़ा विशेष रूप से उपस्थित थे। पूरा कार्यक्रम रायपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख प्रफुल्ल बंसल के नेतृत्व व समन्वय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हमारे बैंक के धमतरी शाखा के मुख्य प्रबंधक मनीष मिंज भी उपस्थित थे। आज रायपुर क्षेत्र में आयोजित मेगा कृषि ऋण आउटरीच कार्यक्रम में 92 कृषक हितग्राहियों को लगभग 71.49 करोड़ के कृषि ऋणों की स्वीकृति दी गई, जिसमें स्व सहायता समूह के ऋण भी शामिल हैं। कार्यक्रम का समापन कृषि व सामाजिक बैंकिंग विभाग के मुख्य प्रबंधक देवेश वर्मा के
धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन इसी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी त्रिभुवन मेश्राम ने किया।








