रायपुर

विधायक अनुज शर्मा ने कार्यकर्ताओं संग सुनी ‘मन की बात’, कारगिल के शहीदों को दी श्रद्धांजलि

  • “आज का कार्यक्रम केवल प्रसारण नहीं, ‘नये भारत की गर्जना’ था”

धरसीवाँ (विश्व परिवार) धरसीवाँ विधानसभा क्षेत्र के जोरा स्थित श्री साईं मंदिर के पास आज एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय विधायक अनुज शर्मा ने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रसिद्ध रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 136वां संस्करण सुना। 26 जुलाई ‘कारगिल विजय दिवस’ का ऐतिहासिक अवसर होने के कारण पूरा कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर रहा।कार्यक्रम के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा, “आज ही के दिन हमारे देश के जांबाज सपूतों ने भारत माता के मस्तक को पूरी दुनिया के सामने गर्व से ऊंचा किया था। मैं कारगिल के उन अमर शहीदों के अदम्य शौर्य, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को सादर नमन करता हूँ।”विधायक शर्मा ने प्रधानमंत्री के संबोधन को रेखांकित करते हुए आगे कहा, “आज का ‘मन की बात’ कार्यक्रम केवल एक रेडियो प्रसारण नहीं था, यह ‘नये भारत की गर्जना’ थी। प्रधानमंत्री जी ने आज हमें बताया कि कैसे हमारा भारत आज ‘याचक’ नहीं, बल्कि ‘दाता’ और ‘निर्माता’ बन रहा है। जब समुद्र की लहरों पर INS महेंद्रगिरि सीना तानकर उतरता है, तो दुनिया भारत की नौसैन्य ताकत देखती है। जब विक्रम-1 का सफल प्रक्षेपण होता है, तो भारत अंतरिक्ष के नए आयाम रचता है। जब DRDO के वैज्ञानिक एक के बाद एक सफल परीक्षण करते हैं, तो दुश्मन की रूह कांप उठती है। जब हमारे देश के युवा और खिलाड़ी वैश्विक मंचों पर तिरंगा लहराते हैं, तो 140 करोड़ भारतीयों का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। यह आत्मनिर्भर भारत की ताकत है और प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में बदलते हुए भारत की पहचान है।”उन्होंने राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि देश सिर्फ सीमाओं पर नहीं बनता, बल्कि हर नागरिक के संकल्प से बनता है। यदि देश आत्मनिर्भर हो रहा है, तो हमारी धरसीवाँ विधानसभा भी आत्मनिर्भरता और विकास की इस दौड़ में पीछे नहीं रहेगी।इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि—”हम स्वदेशी को अपनाएंगे, अपने क्षेत्र का विकास करेंगे, राष्ट्रसेवा को जीवन का प्रथम ध्येय बनाएंगे और मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने में अपना सर्वस्व योगदान देंगे।”कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts