छत्तीसगढ़रायपुर

शिक्षा के महापर्व में विधायक पुरन्दर मिश्रा का प्रेरणादायी संदेश: “कलम की ताकत से ही बनेगा आत्मनिर्भर और विकसित भारत”

  • शाला प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर किया आत्मीय स्वागत, प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान अर्जित करने वाली प्रतिभाशाली छात्रा सिफ़त परवीन को ₹11 हजार नगद पुरस्कार देकर बढ़ाया उत्साह

रायपुर (विश्व परिवार)। शिक्षा केवल अक्षर ज्ञान नहीं, बल्कि एक सशक्त, संस्कारित और आत्मनिर्भर समाज की नींव है। इसी भाव को साकार करते हुए रायपुर उत्तर विधानसभा के लोकप्रिय विधायक पुरन्दर मिश्रा ने फाफाडीह स्थित शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव में सहभागिता कर शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का भावपूर्ण संदेश दिया।
विद्यालय परिसर उस समय उत्साह, उल्लास और आत्मीयता से भर उठा, जब विधायक श्री मिश्रा ने नवप्रवेशी नन्हे विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर एवं पुस्तकें भेंट कर विद्यालय परिवार में उनका स्वागत किया। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और अभिभावकों की आंखों में उम्मीद की चमक इस बात का प्रमाण थी कि शिक्षा का यह पर्व केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण का शुभारंभ है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विधायक श्री मिश्रा ने बच्चों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला है। यहीं से वह पीढ़ी तैयार होती है, जो आने वाले समय में समाज, प्रदेश और देश का नेतृत्व करती है।
उन्होंने कहा, “बच्चों के हाथों में यदि किताब होगी तो भविष्य सुरक्षित होगा और यदि उनके मन में अच्छे संस्कार होंगे तो राष्ट्र समृद्ध होगा। शिक्षा ही वह सबसे बड़ी पूंजी है, जिसे कोई छीन नहीं सकता।”
विधायक श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे नियमित रूप से विद्यालय आएं, पूरी लगन से अध्ययन करें, समय का सम्मान करें तथा अपने माता-पिता और गुरुजनों के सपनों को साकार करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली पहचान है।
इस अवसर पर विधायक श्री मिश्रा ने प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान अर्जित करने वाली प्रतिभाशाली छात्रा सिफ़त परवीन, पिता श्री जाहिद ख़ान, को ₹11,000 नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार प्राप्त करते समय पूरे सभागार ने तालियों की गूंज से उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि परीक्षा से पहले विद्यार्थियों से उन्होंने जो संकल्प कराया था—मन लगाकर पढ़ाई करना, उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय का नाम रोशन करना—उसे सिफ़त परवीन ने अपनी लगन, मेहनत और प्रतिभा से साकार कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बनते हैं और यह संदेश देते हैं कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
विधायक श्री मिश्रा ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल एक छात्र को पुरस्कार देना नहीं, बल्कि पूरे समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है। जब मेहनती विद्यार्थियों का सम्मान होता है, तब हजारों अन्य बच्चों के भीतर भी आगे बढ़ने का आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि हर माता-पिता का सबसे बड़ा सपना अपने बच्चों को सफल, संस्कारित और आत्मनिर्भर बनाना होता है, और इस सपने को साकार करने का सबसे प्रभावी माध्यम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही है।
विद्यालय परिवार ने भी नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने, अनुशासन का पालन करने तथा आदर्श नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री मिश्रा ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उनके सपनों को जाना और उन्हें विश्वास दिलाया कि उनकी शिक्षा, सुविधा और उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने मां सरस्वती से सभी विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान, सफलता और संस्कार का प्रकाश बनाए रखने की प्रार्थना भी की।
इस अवसर पर रायपुर शहर भाजपा के जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, जिला प्रभारी राजेन्द्र शर्मा, संजय जोशी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
“जहां बच्चों के हाथों में किताब, आंखों में सपने और समाज का विश्वास होता है, वहीं से विकसित भारत की नई कहानी लिखी जाती है। शिक्षा का हर कदम राष्ट्र के स्वर्णिम भविष्य की ओर बढ़ता हुआ कदम है।”

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts