रायपुर (विश्व परिवार)। बस्तर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए एनएमडीसी लिमिटेड ने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ शासन को चार स्पीड बोट उपलब्ध कराई हैं। ये स्पीड बोट पुणे से प्राथमिकता के आधार पर मंगाई गईं और राज्य सरकार से अनुरोध प्राप्त होने के 48 घंटे के भीतर जिला प्रशासन को सौंप दी गईं।
एनएमडीसी स्टील लिमिटेड द्वारा पूर्व में उपलब्ध कराई गई रेस्क्यू बोट के अतिरिक्त ये चार नई स्पीड बोट राहत एवं बचाव कार्यों में उपयोग की जाएंगी। इससे पहले एनएमडीसी द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य एवं अन्य राहत सामग्री का वितरण भी शुरू किया गया है।
प्रत्येक स्पीड बोट में करीब 8 से 10 लोगों के बैठने की क्षमता है। इन्हें आपातकालीन बचाव कार्यों के लिए आवश्यक सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध कराया गया है। चारों स्पीड बोट 30 सितंबर 2026 को नगरनार पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा को सौंपी गईं।
कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है। आपदा की गंभीर स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त नावों की आवश्यकता महसूस हुई थी। इसके लिए एनएमडीसी प्रबंधन से संपर्क किया गया, जिसके बाद तत्काल पुणे से चार मोटर बोट मंगाकर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई गईं।
बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि प्रशासन जनजीवन को जल्द सामान्य करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस कार्य में समाज के सभी वर्गों का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि एनएमडीसी हमेशा जरूरत के समय लोगों की मदद के लिए आगे आती रही है।
नगरनार स्टील प्लांट के अधिशासी निदेशक प्रमोद कुमार ने बस्तर क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में पैलेट प्लांट के अधिशासी निदेशक केपी सिंह भी मौजूद रहे।
इन स्पीड बोट का उपयोग नगरनार, भेजापदर, करनपुर, उपनपाल सहित अन्य बाढ़ प्रभावित ग्राम पंचायतों में किया जाएगा। इनके माध्यम से बाढ़ प्रभावित लोगों के सुरक्षित बचाव एवं निकासी, राहत सामग्री के परिवहन और अन्य आपातकालीन कार्यों में जिला प्रशासन को सहायता मिलेगी।
एनएमडीसी के निदेशक (कार्मिक) कृष्ण कुमार ठाकुर ने कहा कि कंपनी के परिचालन क्षेत्रों और आसपास के लोगों की सुरक्षा एवं कल्याण एनएमडीसी की प्राथमिकता है। राज्य सरकार से अनुरोध मिलते ही राहत कार्यों के लिए आवश्यक स्पीड बोट की व्यवस्था की गई। कंपनी बाढ़ की स्थिति से निपटने में जिला प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने और प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्पीड बोट की उपलब्धता से बस्तर जिला प्रशासन की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत होगी और संवेदनशील एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित किए जा सकेंगे। एनएमडीसी स्थानीय प्रशासन और सरकार के साथ समन्वय कर प्रभावित समुदायों की सुरक्षा एवं आपदा-प्रतिरोधी क्षमता मजबूत करने के लिए लगातार सहयोग कर रही है।







