भोपाल (विश्व परिवार)। जीवदया एवं गौ-संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत दया भावना फाउंडेशन ने मध्यप्रदेश में 21 अत्याधुनिक गौ चिकित्सालय स्थापित करने की योजना प्रस्तुत की है। इसी सिलसिले में संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने निवाड़ी विधायक अनिल जैन के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को दया भावना फाउंडेशन द्वारा देशभर में संचालित सेवा प्रकल्पों, आधुनिक एम्बुलेंस नेटवर्क और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। संस्था ने मध्यप्रदेश में मूक एवं असहाय गौवंश की निःशुल्क चिकित्सा और सेवा के लिए 21 सर्वसुविधायुक्त गौ चिकित्सालय स्थापित करने की योजना से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सालयों के निर्माण को गति देने के लिए शासन स्तर से आवश्यक भूमि आवंटित करने का आग्रह भी किया। संस्था के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख व्यक्त किया।
दया भावना फाउंडेशन द्वारा पूज्य मुनि श्री 108 अविचल सागर जी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में देशभर में 108 अत्याधुनिक गौ अस्पताल स्थापित करने का संकल्प लिया गया है। संस्था इसी सेवा-संकल्प के तहत विभिन्न राज्यों में गौवंश के उपचार एवं संरक्षण के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में निवाड़ी विधायक अनिल जैन, वरिष्ठ कार्याध्यक्ष अर्चना जैन (खुरई), उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार जैन (झांसी), मध्यप्रदेश के मुख्य प्रभारी हीरालाल पाटीदार और सक्रिय कार्यकर्ता अमीश जैन (झांसी) शामिल रहे।
संस्था ने कहा कि गौवंश के संरक्षण और उपचार के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन गौ चिकित्सालयों की स्थापना की योजना तैयार की गई है।







