देशनई दिल्ली

पीएम मोदी ने सिटीग्रुप चेयरपर्सन जेन फ्रेजर से की मुलाकात, आर्थिक वृद्धि और निवेश अवसरों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिटीग्रुप की चेयरपर्सन और CEO जेन फ्रेजर से मुलाकात की। बैठक में भारत की तेज आर्थिक वृद्धि, निवेश अवसरों, वैश्विक पूंजी प्रवाह और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने पर विस्तृत चर्चा हुई। इसकी जानकारी गुरुवार को सामने आई।
प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक में अपने विजन को साझा करते हुए आर्थिक विकास की रफ्तार तेज करने, भारतीय कंपनियों को वैश्विक बाजारों में विस्तार के अवसर प्रदान करने और देश में विदेशी निवेश बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक में चर्चा के मुख्य मुद्दे:

  • भारत में निवेश और पूंजी प्रवाह
  • वैकल्पिक ऊर्जा (सौर ऊर्जा और हरित हाइड्रोजन)
  • आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और इसके नियमन पर विचार
  • भारतीय कंपनियों के अंतरराष्ट्रीय विस्तार में सिटीग्रुप की भूमिका

सिटीग्रुप की ओर से जारी बयान में कहा गया कि कंपनी भारत के आर्थिक एजेंडे को मजबूत बनाने, वैश्विक निवेशकों को आकर्षित करने और भारतीय कंपनियों को नए बाजारों में पहुंच बनाने में सक्रिय योगदान देना चाहती है।
जेन फ्रेजर के साथ सिटी इंडिया के CEO के. बालासुब्रमण्यम भी मौजूद रहे। उन्होंने भारत में सिटी की 125 वर्षों पुरानी उपस्थिति और मजबूत प्रतिबद्धता को दोहराया।
बता दें कि सिटीग्रुप मुंबई में 3 से 5 जून तक “सिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस” आयोजित कर रही है, जिसमें 1,500 से अधिक ग्राहक और निवेशक भाग ले रहे हैं। वर्ष 2027 में सिटी भारत में अपनी 125वीं वर्षगांठ मनाएगी।
यह मुलाकात वैश्विक वित्तीय संस्थानों द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के सुधारवादी एजेंडे और भारत की विकास यात्रा पर बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts