नई दिल्ली (विश्व परिवार) । ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में गुरुवार को भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमने म्यांमार में ऑपरेशन ब्रह्मा चलाया, श्रीलंका में साइकलोन की तबाही हुई तो वहां हमने ऑपरेशन सागरबंधु चलाया था। उन्होंने कहा, “कोरोना काल की याद भी हमारे मन में ताजा है। हमने दुनियाभर से भारत को ही नहीं बल्कि अन्य देशों के नागरिकों को भी उनके घर पहुंचाया था। हमने जरूरतमंदों तक दवाइयां पहुंचाई थीं। पीएम मोदी ने कहा कि जब भारत मदद करता है तब पासपोर्ट नहीं देखता है इसलिए दुनिया भी भारत पर इतना विश्वास करती है।
भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मेलबर्न में भारतीय समुदाय के बीच आकर बहुत उत्साहित हूँ। उनका जोश और उत्साह वाकई बेमिसाल है। वे भारत-ऑस्ट्रेलिया दोस्ती के सबसे मज़बूत स्तंभों में से एक हैं।”
पीएम मोदी ने भारतीयों को दूध में घुलने वाली चीनी की तरह बताया, जो उसे और भी मीठा बना देती है। उन्होंने कहा कि हम भारतीय दुनिया में अपने प्यार की मिठास घोलते रहते हैं। घर में दूध भले ही ऑस्ट्रेलिया का हो लेकिन उससे बनी चाय भारतीय होती है। दाल और सब्जियां ऑस्ट्रेलिया की होती हैं, फिर भी उनमें असली भारतीय मसालों का तड़का लगाया जाता है।
उन्होंने कहा, “आपमें से कई लोग ऐसे होंगे जो अपने घरों में कम से कम दो टाइम ज़ोन को मैनेज करते हैं। यहां बच्चे ऑस्ट्रेलियाई समय के अनुसार स्कूल से लौटते हैं, जबकि भारत में दादा-दादी वीडियो कॉल के ज़रिए जुड़ने का इंतज़ार कर रहे होते हैं। हो सकता है कि यहां वीकेंड हो, फिर भी भारत में हो रही किसी शादी की लाइव स्ट्रीमिंग चल रही हो। दूसरे शब्दों में, भले ही हज़ारों किलोमीटर की भौतिक दूरी हो, आपकी दिनचर्या भारत से गहराई से जुड़ी हुई है। इस दिनचर्या के साथ-साथ, आप सभी ऑस्ट्रेलिया के विकास में पूरे जोश के साथ योगदान दे रहे हैं। मुझे आप सभी पर गर्व है।”
वहीं, पीएम मोदी के मार्वल स्टेडियम में भारतीय समुदाय को संबोधित करने से पहले मेलबर्न में 30,000 से ज्यादा लोग इकट्ठा हुए। यह ऑस्ट्रेलिया में किसी भी वर्ल्ड लीडर के लिए अब तक की सबसे बड़ी सभा बन गई है। “मेलबर्न मीट्स मोदी” नामक इस कार्यक्रम में भारतीय प्रवासियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग जोर-जोर से ‘मोदी, मोदी’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगा रहे थे।
मेलबर्न का प्रतिष्ठित मार्वल स्टेडियम जबरदस्त उत्साह से गूंज रहा था, जहां भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई समुदाय का विशाल जनसमूह प्रवासी भारतीय कार्यक्रम के समर्थन में उमड़ पड़ा है। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संगीत और जोशीले नारों से पूरा स्टेडियम ऊर्जा से भर गया है। पूरे वेन्यू में भारतीय तिरंगे और ऑस्ट्रेलियाई झंडे लहरा रहे थे, जो दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत संबंधों को दिखा रहे थे।







