छत्तीसगढ़रायपुर

स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारी तेज: रायपुर निगम की बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश

रायपुर (विश्व परिवार)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों को लेकर रायपुर नगर पालिक निगम ने कमर कस ली है। महापौर मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर और आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय ने नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन में समीक्षा बैठक लेकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शहर के सभी 70 वार्डों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। सिटी प्रोफाइल में चिन्हित स्थानों पर लगातार सफाई अभियान चलाने और जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। कहीं भी गंदगी मिलने पर जिम्मेदारी तय कर संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी एवं कार्यपालन अभियंता योगेश कडु ने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से लागू नए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत घर-घर जाकर लोगों को चार डिब्बों में कचरा अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा—गीला कचरा हरे, सूखा नीले, सेनेटरी लाल और विशेष कचरा काले डिब्बे में रखा जाएगा। इसके लिए जोन स्तर पर अभियान चलाकर नागरिकों को जागरूक बनाया जाएगा।
अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय ने निर्देश दिए कि सभी जोन में अधिकारी स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में रायपुर को बेहतर रैंकिंग दिलाने के लिए सघन जनजागरूकता अभियान चलाएं। साथ ही वार्डों में सफाई के साथ उद्यानों में फाउंटेन चालू कराने, सड़कों की स्ट्रीट लाइट दुरुस्त रखने और नागरिक सुविधाओं को व्यवस्थित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणिग्रही, सभी जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता, जोन स्वास्थ्य अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक, वार्ड प्रभारी, सफाई सुपरवाइजर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts