रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 7 क्षेत्र अंतर्गत संचालित विभिन्न निजी हॉस्पिटलों के संचालकों की बैठक जोन कार्यालय में आयोजित की गई।
बैठक में रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देशानुसार नगर निगम जोन 7 जोन आयुक्त कमिश्नर डॉ तृप्ति पाणीग्रही द्वारा आहूत बैठक में जोन क्षेत्र के विभिन्न स्थलों के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में हॉस्पिटल संचालकों ने सामाजिक सहभागिता एवं जनहित की भावना से जोन क्षेत्र के विभिन्न स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों में सहयोग करने पर सहमति व्यक्त की। इसके अंतर्गत निम्नलिखित कार्यों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई—
1. कारी तालाब में आवश्यक सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य हेतु सुयश हॉस्पिटल द्वारा सहयोग किया जाएगा।
2. आमापारा से तेलघानी नाका चौक तक डिवाइडर में रंग-रोगन एवं वृक्षारोपण का कार्य अहलुवालिया हॉस्पिटल द्वारा कराया जाएगा।
3. शिव वाटिका सौंदर्यीकरण हेतु मेडी हेल्थ हॉस्पिटल द्वारा सहयोग किया जाएगा।
4. कोटा रोड डिवाइडर में पेंटिंग एवं पौधरोपण का कार्य सिटी हॉस्पिटल द्वारा कराया जाएगा।
5. चिंताहरण हनुमान उद्यान के सौंदर्यीकरण हेतु छत्तीसगढ़ हॉस्पिटल द्वारा सहयोग किया जाएगा।
6. तात्यापारा मुक्कड़ को कट में विकसित करने हेतु यशवंत हॉस्पिटल द्वारा सहयोग प्रदान किया जाएगा।
7. जोन कार्यालय के समीप लैंडस्केपिंग, पेंटिंग, पेवर ब्लॉक एवं प्लांटेशन का कार्य अग्रवाल हॉस्पिटल के द्वारा कराया जाएगा।
बैठक में यह भी चर्चा की गई कि रायपुर शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता केवल रायपुर नगर पालिक निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें सामाजिक संस्थाओं, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों एवं आम नागरिकों की सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जोन 7 जोन कमिश्नर ने सभी हॉस्पिटल संचालकों की इस सकारात्मक पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित शहर की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।
नगर निगम जोन 7 जोन कमिश्नर डॉ तृप्ति पाणीग्रही ने कहा कि जोन क्रमांक 7 अंतर्गत संचालित हॉस्पिटल संचालकों की यह पहल अब स्वच्छता से आगे चलकर रायपुर शहर के सौंदर्यीकरण एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक अनुकरणीय कदम साबित होगी।
अंत में रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 7 की ओर से जोन 7 जोन कमिश्नर द्वारा सभी सहयोगी हॉस्पिटल संचालकों का आभार व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त की गई कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित एवं शहर विकास के कार्यों में सहभागिता बनी रहेगी।







