छत्तीसगढ़रायपुर

सुशासन तिहार में जनसमस्या निवारण शिविर: 13 हितग्राहियों को आवास अनुज्ञा, 5 को राशन कार्ड

रायपुर (विश्व परिवार)। आज रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र के रायपुर उत्तर विधानसभा अंतर्गत नगर निगम जोन 3 में बीटीआई ग्राउंड शंकरनगर स्थित सिंधू भवन में ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आदेशानुसार एवं उपमुख्यमंत्री (नगरीय प्रशासन एवं विकास) अरुण साव के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में नगर निगम रायपुर सहित जिले के 16 शासकीय विभागों के अधिकारी आमजन की मांगों और शिकायतों के समाधान हेतु उपस्थित रहे।

शिविर में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जल विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू, जोन 3 अध्यक्ष साधना प्रमोद साहू, वार्ड पार्षद कैलाश बेहरा, राजेश गुप्ता, प्रदीप कुमार वर्मा, महेश कुमार ध्रुव, पुष्पा रोहित साहू, एसडीएम नंदकिशोर चौबे, अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन कमिश्नर प्रीति सिंह, कार्यपालन अभियंता ईश्वरलाल टावरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (मोर जमीन-मोर मकान) के तहत 13 पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण हेतु भवन अनुज्ञा पत्र वितरित किए गए। वहीं 5 नागरिकों को मौके पर ही राशन कार्ड प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा नागरिक राजेन्द्र यादव को तत्काल वॉकर उपलब्ध कराया गया।

शिविर में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 139 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। कुल 349 मांगें और शिकायतें दर्ज हुईं, जिनके समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शेष मामलों का निराकरण एक माह के भीतर करने का आश्वासन दिया गया है।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि गर्मी में जल संकट के स्थायी समाधान के लिए खम्हारडीह क्षेत्र में नई पानी टंकी का जल्द भूमिपूजन किया जाएगा।
महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को अवैध कब्जों की शिकायतों पर सख्ती से कार्रवाई करने और सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने बताया कि जो नागरिक कार्यालय तक नहीं पहुंच पाते, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए यह शिविर लगाए जा रहे हैं। साथ ही ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ के तहत हृदय रोग से पीड़ित बच्चों का उपचार किया जा रहा है।
आयुक्त संबित मिश्रा ने कहा कि सभी शिकायतों का समाधान एक माह की निर्धारित समय सीमा में किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय ने किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts