नई दिल्ली (विश्व परिवार)। कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ बातचीत का एक वीडियो शेयर किया है। इस बातचीत में गांधी परिवार से जुड़ी कई पुरानी यादों, राजनीतिक उतार-चढ़ाव और सोनिया गांधी के निजी जीवन के संघर्षों का जिक्र किया गया है। साथ ही पिता राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने और 2004 के फैसले पर चर्चा करते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में वे सोनिया की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ पर चर्चा करते दिखे। यह किताब 16 नवंबर को दिल्ली में लॉन्च हुई थी।
राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनके पिता राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी। ऐसा इसलिए किया गया, ताकि उनकी हत्या हो सके। राहुल ने एक वीडियो में मां सोनिया और बहन प्रियंका के साथ यह बात कही।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए राहुल गांधी ने लिखा-प्रपोज़ल प्लान के हिसाब से नहीं हुआ और न ही मेरा सातवां जन्मदिन। 2004 में लिए गए फ़ैसले से हममें से कुछ को राहत मिली, तो कुछ को खुशी हुई। पापा की सिक्योरिटी हटाने के पीछे एक इरादा था। और 500+ पेज के बाद भी, माँ ने अपनी किताब में कुछ चीज़ें छोड़ दी हैं। प्रियंका और मैं अपनी माँ के साथ बैठकर इन सब बातों पर बात करने लगे। उन यादों को याद करने से वो खुशी, हँसी और उस समय का दर्द भी वापस आ गया। माँ की अपनेपन की यात्रा बहुत प्यार और भयानक दुख से भरी रही है, और उन्होंने इन सबका सामना गरिमा और हिम्मत से किया है।
वीडियो में राहुल ने बताया कि उन्होंने अपनी मां सोनिया से कहा था कि अगर सुरक्षा बहाल नहीं की गई, तो उन्हें जल्द ही पिता के अंतिम संस्कार में लौटना पड़ सकता है। राजीव की 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में आत्मघाती हमले में हत्या कर दी गई थी।
सोनिया बोलीं- बिहार दौरे के बाद राहुल ने जताई थी आशंका
सोनिया ने वीडियो में बताया कि राहुल अपने पिता के साथ बिहार दौरे पर गए थे। उन्होंने इस दौरे को बहुत डरावना बताया। उस समय राजीव विपक्ष के नेता थे। वे खुले जीप में यात्रा कर रहे थे। लोगों ने उन पर पत्थर फेंके थे। सोनिया ने कहा कि अगर सुरक्षा ठीक नहीं हो और किसी राज्य में BJP या विपक्ष की सरकार हो, तो वहां सुरक्षा पर खास ध्यान नहीं दिया जाता। इस दौरे से घर लौटकर राहुल ने मुझसे कहा, ‘मां, अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, तो मुझे पता है कि मैं बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार में शामिल होऊंगा।







