रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर में गैस एजेंसी के मैनेजर से 10 लाख रुपये की लूट के मामले में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिली है. उत्तर प्रदेश से अंतर्राज्यीय गैंग के दो शातिर लूटेरों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने रकम को हवाला का पैसा समझकर लूट की योजना बनाई थी. पूरा मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है. इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस जल्द ही करेगी।
5 दिन पहले हुई थी लूट
दरअसल, टाटीबंध स्थित एचपी गैस एजेंसी के मैनेजर श्रवण साहू को संचालक ने अग्रसेन चौक स्थित एक पार्टी से भुगतान की राशि लेने भेजा था. श्रवण कार से वहां पहुंचे और करीब 10 लाख रुपये लेकर वापस टाटीबंध लौट रहे थे. इसी दौरान एजेंसी को एक उपभोक्ता ने गैस लीकेज की शिकायत की. श्रवण डंगनिया बाजार के पास शीतर माता मंदिर के पीछे गली में ग्राहक के बताए स्थान पर पहुंचे. जैसे ही वह पैसों से भरा बैग लेकर कार से उतरे बाइक सवार तीन युवक पास पहुंच गए. पलक झपकते ही बैग छीनकर आरोपी मौके से फरार हो गए. रायपुर ओवरब्रिज के पास उनकी आखिरी लोकेशन मिली थी।
वारदात की सीसीटीवी फुटेज
जांच में घटनास्थल और उसके आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस के हाथ लगी. फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां कैद हुई. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई थी. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को भी जांच में लगाया गया था।
लूटकांड की जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों के उत्तर प्रदेश फरार होने की पुख्ता जानकारी मिली. इसके बाद तत्काल एक विशेष टीम को उत्तर प्रदेश रवाना किया गया. टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देते हुए दो शातिर आरोपियों को धर दबोचा. गिरफ्तार आरोपियों को ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर रायपुर लाया गया है. पुलिस उनसे पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों, नेटवर्क और लूट की रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है. फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।







