छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर ग्रामीण में 83 लाख के विकास कार्यों की सौगात, महापौर ने किया भूमिपूजन

रायपुर (विश्व परिवार)। मंगलवार को रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे ने रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर निगम जोन 10 क्षेत्र के कामरेड सुधीर मुख़र्जी वार्ड क्रमांक 54 और रविन्द्रनाथ टैगोर वार्ड क्रमांक 55 में पहुंचकर नागरिकों को नगर निगम जोन 10 की ओर से वार्ड 54 में लगभग 48 लाख रुपये और वार्ड 55 में लगभग 35 लाख रुपये, कुल लगभग 83 लाख रुपये के सीसी रोड, नाली, पुलिया और सामुदायिक भवन सहित विभिन्न 10 स्थानों पर होने वाले विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नन्द कुमार साहू, रायपुर ग्रामीण विधायक प्रतिनिधि मैकमिलन साहू, जोन 10 अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी, वार्ड 54 पार्षद सुषमा तिलक साहू, वार्ड 55 पार्षद विनय प्रताप सिंह ध्रुव, मंडल अध्यक्ष भोलाराम साहू, जोन 10 कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा, कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर, उपअभियंता राहुल थारानी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा और बच्चे उपस्थित रहे।

महापौर मीनल चौबे ने नागरिकों को अधोसंरचना मद और रायपुर ग्रामीण विधायक निधि से स्वीकृत लगभग 83 लाख रुपये के विकास कार्यों की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वार्ड पार्षदों की सक्रियता की सराहना करते हुए रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू को नए विकास कार्यों के लिए शासन से पर्याप्त धनराशि स्वीकृत कराने पर धन्यवाद दिया।

महापौर ने नागरिकों से रेन वाटर हार्वेस्टिंग अपनाने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नए विकास कार्यों की गुणवत्ता पर नागरिक स्वयं निगरानी रखें और किसी भी कमी की जानकारी सीधे उन्हें दें। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य तय समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।

महापौर ने यह भी कहा कि नगर निगम अब तकनीकी सर्वे के बाद ही पाइपलाइन बिछाने का कार्य कर रहा है, ताकि लोगों को पर्याप्त पानी मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार ने बिना सर्वे पाइपलाइन डलवाई थी, जिससे लोगों को पानी नहीं मिल पाया। अब वर्तमान सरकार उस गलती को सुधारते हुए नागरिकों तक पानी पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।

रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नन्द कुमार साहू ने मोतीलाल साहू को “रायपुर ग्रामीण का विकास पुरुष” बताते हुए कहा कि प्रदेश में विष्णु देव साय सरकार बनने के बाद विकास कार्य तेज गति से हो रहे हैं। वहीं विधायक प्रतिनिधि मैकमिलन साहू ने नए विकास कार्यों के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts