रायपुर

ताइक्वांडो में राजकुमार कॉलेज के विद्यार्थियों ने लहराया परचम

  • अंडर-14 में ओवरऑल चैंपियन, 14 पदकों पर जमाया कब्जा; 4 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्कूल गेम्स के लिए चयन

रायपुर (विश्व परिवार)। राजकुमार कॉलेज, रायपुर, छत्तीसगढ़ की बालिका खिलाड़ियों ने अखिल भारतीय आईपीएससी बालिका ताइक्वांडो चैम्पियनशिप 2026 (अंडर-14 एवं अंडर-17) में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 3 अक्टूबर 2026 तक एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर में किया गया, जिसमें कुल 20 बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 14 पदक अर्जित किए। इनमें 4 स्वर्ण, 5 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के दम पर अंडर- 14 बालिका वर्ग में राजकुमार कॉलेज ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के साथ राजकुमार कॉलेज की चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन 70वें राष्ट्रीय स्कूल गेम्स 2026 (SGFI) के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में अर्पण कुर्रे, पूजा मीनपाल, स्वस्तिका अग्रवाल और दिशा शर्मा, सभी कक्षा 6वीं, शामिल हैं।
विद्यालय की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्राचार्य कर्नल अविनाश सिंह ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित चारों खिलाड़ियों को विशेष रूप से शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राजकुमार कॉलेज एवं
छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।
विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts