छत्तीसगढ़रायपुर

विश्व अंगदान दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम हेतु मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष को रेड क्रॉस का आमंत्रण

  • अंगदान एवं देहदान करने वाले महादानियों को राजकीय सम्मान (Guard of Honour) प्रदान करने की पहल पर सकारात्मक चर्चा

रायपुर (विश्व परिवार)। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं माननीय छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से सौजन्य भेंट कर आगामी 13 अगस्त – विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर राजभवन, रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता हेतु सादर आमंत्रित किया।
भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करने, व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने तथा अन्य राज्यों की तर्ज पर अंगदान एवं देहदान करने वाले महादानियों को राजकीय सम्मान (Guard of Honour) प्रदान किए जाने की पहल पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस विषय को मानवता एवं समाजहित से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान बताते हुए रेड क्रॉस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत सुझावों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए इस दिशा में सार्थक पहल एवं आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से भी सौजन्य भेंट कर उन्हें विश्व अंगदान दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम हेतु आमंत्रित किया तथा प्रदेश में अंगदान एवं देहदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग का अनुरोध किया।
इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू, पूर्व राज्य सचिव डॉ. प्रदीप साहू, ऑर्गन डोनेशन समिति के चेयरमैन रोशन लाल वर्मा, समिति सदस्य सुरेश निर्मलकर, आर्यन सिन्हा एवं केशव साहू उपस्थित रहे।
भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान जैसे महादान के प्रति जागरूक होकर मानव सेवा के इस पुनीत अभियान में सहभागी बनें, जिससे अनेक जरूरतमंद लोगों को नया जीवन एवं नई आशा मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts