खैरागढ़-छुईखदान-गंडाईछत्तीसगढ़

समय-सीमा की बैठक में पंजीकरण शिविर, योग दिवस, एग्रीस्टैक और अटल मॉनिटरिंग पोर्टल प्रगति की समीक्षा

  • 18 से 20 जून तक वृहद पंजीकरण शिविर, 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन
  • नियाद नेल्लानार योजना सहित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों पर कलेक्टर ने दिए निर्देश

खैरागढ़ (विश्व परिवार)। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में 18 से 20 जून तक आयोजित होने वाले वृहद पंजीकरण शिविरों की तैयारियों, 21 जून को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम, एग्रीस्टैक पोर्टल की प्रगति, अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, नियाद नेल्लानार योजना, धान उठाव तथा शासन की विभिन्न प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आम जनता से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत जिले में आयोजित किए जा रहे वृहद पंजीकरण शिविरों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 18 से 20 जून तक खैरागढ़ एवं छुईखदान में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां पात्र हितग्राहियों का विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पंजीयन किया जाएगा। शिविरों में आवेदन संबंधी त्रुटियों का निराकरण, दस्तावेज सत्यापन तथा योजनाओं से संबंधित समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। कलेक्टर ने शिविर स्थलों पर पेयजल, विद्युत, बैठक व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आम नागरिकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए इसके प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण की जाएं।
बैठक के दौरान एग्रीस्टैक पोर्टल की तहसीलवार प्रगति की समीक्षा करते हुए किसानों के पंजीयन, फार्मर आईडी निर्माण तथा भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि कृषि क्षेत्र में डिजिटल सेवाओं को मजबूत बनाने तथा किसानों को योजनाओं का लाभ सरलता से उपलब्ध कराने के लिए एग्रीस्टैक पोर्टल का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है।
इसी प्रकार अटल मॉनिटरिंग पोर्टल में विभागों की प्रगति एवं रैंकिंग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को समय पर जानकारी अद्यतन करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की सतत निगरानी पोर्टल के माध्यम से की जा रही है, इसलिए सभी विभाग बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें।
बैठक में नियाद नेल्लानार योजना के अंतर्गत संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सभी ग्रामों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र उच्च कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
इसके अलावा जिले में धान उठाव की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष धान का शत-प्रतिशत उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से धान उठाव की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
बैठक में लंबित प्रकरणों के निराकरण तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने तथा विभागीय कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts