जगदलपुर (विश्व परिवार)। बस्तर जिले के दरभा ब्लॉक मुख्यालय में शुक्रवार को बस्तर क्रांतिकारी विचार मंच के बैनर तले स्थानीय जनपद सदस्यों और सरपंचों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) को प्रदर्शनकारियों ने जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई. जनपद सदस्यों और सरपंचों ने गौण खनिज की राशि में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे दरभा ब्लॉक में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
16वीं वित्त की राशि जारी करने की मांग
प्रदर्शन कर रहे जनपद सदस्यों ने पंचायतों में 16वीं वित्त की राशि जल्द जारी करने की मांग की. साथ ही ग्राम पंचायतों में DMF (जिला खनिज न्यास) की राशि से विकास कार्य कराने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी. उनका कहना है कि इन मदों की राशि उपलब्ध होने से पंचायत क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल सकती है।
मकान टैक्स नहीं लेने की मांग
जनपद सदस्यों और सरपंचों ने ग्राम पंचायत क्षेत्रों में मकान टैक्स नहीं लेने की मांग भी रखी. इसके अलावा दरभा ब्लॉक की कड़मा पंचायत में पैसे के कथित गबन के मामले में संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई.
प्रदर्शन के दौरान जनपद सदस्यों और सरपंचों ने अपनी मांगों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा. उन्होंने मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा आंदोलन करने की चेतावनी दी है।








