छत्तीसगढ़रायपुर

गणेश विसर्जन शोभायात्रा में पुलिस से झूमाझटकी, 4 आरोपी गिरफ्तार; डीजे बंद कराने को लेकर हुआ था विवाद

रायपुर (विश्व परिवार)। गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों से विवाद और झूमाझटकी करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि निर्धारित समय के बाद तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने की समझाइश देने पर आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से बहस की और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
पुलिस के मुताबिक, थाना सिविल लाइन क्षेत्र में गणेश विसर्जन शोभायात्रा और कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने पहुंची थी। पुलिसकर्मियों ने डीजे बंद करने के लिए कई बार समझाइश दी, लेकिन कुछ लोग पुलिस से विवाद करने लगे। इस दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ अश्लील गाली-गलौज और धमकी देते हुए धक्का-मुक्की एवं झूमाझटकी की। घटना के बाद सिविल लाइन थाने में अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 221, 224, 132(ए) और 191(1) के तहत कार्रवाई शुरू की गई।
चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रार्थी पुलिसकर्मी एवं गवाहों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने विजय तांडी, विशाल तांडी, दीपक तांडी और भीम महानंद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की गई।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

  • विजय तांडी (27) — जगन्नाथ नगर, पंडरी, थाना सिविल लाइन, रायपुर
  • विशाल तांडी (29) — जगन्नाथ नगर, पंडरी, थाना सिविल लाइन, रायपुर
  • दीपक तांडी (36) — जगन्नाथ नगर, पंडरी, थाना सिविल लाइन, रायपुर
  • भीम महानंद (32) — जगन्नाथ नगर, पंडरी, थाना सिविल लाइन, रायपुर

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों का पूर्व में भी जेल में निरुद्ध रहना सामने आया है। वहीं, घटना में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था ड्यूटी में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता या झूमाझटकी करने तथा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts