रायपुर (विश्व परिवार)। आज सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा स्तरीय सेवा सेतु शिविर ‘सरकार आपके द्वार’ का आयोजन नगर निगम जोन 5 क्षेत्र के अश्विनी नगर स्थित महाराष्ट्रीयन समाज भवन में किया गया।
सेवा सेतु शिविर की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने किया। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न शासकीय विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सुनील सोनी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा सेतु शिविर के माध्यम से सभी पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का पूर्ण एवं वांछित लाभ अधिकाधिक संख्या में दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही शासकीय योजना का लाभ प्राप्त करने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
शिविर में रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र पात्र हितग्राहियों को मंच से वितरित किए। इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, परिवहन विभाग की ओर से ड्राइविंग लाइसेंस और निःशुल्क बस यात्रा पास भी प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में सुनील सोनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर विधानसभा स्तरीय सेवा सेतु शिविर का शुभारंभ किया। यह शिविर रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर निगम के जोन क्रमांक 4, 5 और 6 के 17 वार्डों के रहवासियों की सुविधा के लिए आयोजित किया गया है। सेवा सेतु शिविर ‘सरकार आपके द्वार’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पात्र हितग्राही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं।
शिविर स्थल पर रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी के साथ नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, एमआईसी सदस्य सरिता दुबे, अमर गिदवानी, जोन 5 अध्यक्ष अंबर अग्रवाल, जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद स्वप्निल मिश्रा, दुर्गा साहू, जयश्री नायक, अजय साहू, एल्डरमैन रामकिंकर सिंह, जोन 5 कमिश्नर खीरसागर नायक सहित नगर निगम एवं विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।







