छत्तीसगढ़रायपुर

11 सितंबर को छत्तीसगढ़ आएंगे शिवराज सिंह चौहान, सक्ती में होगा बड़ा सरकारी कार्यक्रम

रायपुर (विश्व परिवार)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 11 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। वे सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आयोजित बड़े सरकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान ग्रामीण विकास, आवास, आजीविका, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी नवाचार से जुड़ी कई योजनाओं और पहलों की शुरुआत की जाएगी।
कार्यक्रम में 122 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन होगा। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
2 लाख परिवारों को मिलेगी ‘खुशियों की चाबी’
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत प्रदेश में नवनिर्मित 2 लाख आवासों के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया जाएगा। कार्यक्रम में आवास हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से ‘खुशियों की चाबी’ भी सौंपी जाएगी। इसके जरिए ग्रामीण परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की योजना की प्रगति को प्रदर्शित किया जाएगा।
AI से होगा आवासों का जियो-टैग सत्यापन
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत AI आधारित जियो-टैग सत्यापन और सेल्फ जियो-टैग रिपोर्ट प्रणाली का भी शुभारंभ होगा। नई तकनीक से आवास निर्माण की निगरानी और सत्यापन प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी और प्रभावी बनाने का दावा किया गया है।
कार्यक्रम में ये रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद-विधायक, पंचायत प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, ‘विकसित भारत-जी राम जी’ और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और अभियानों की शुरुआत भी की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts